प्रयागराज मंडल में सघन चेकिंग अभियान: एक दिन में रिकॉर्ड 51.50 लाख जुर्माना 

Spread the love

प्रयागराज। यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा वातावरण उपलब्ध कराने तथा टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जाते हैं। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक, रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग, हरिमोहन के निर्देशन में दिनांक 25 मई, 2026 को प्रयागराज मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में व्यापक स्तर पर टिकट जांच की गई। इस विशेष अभियान में टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल ₹51.50 लाख का जुर्माना वसूल किया गया, जो मंडल की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं सुदृढ़ टिकट चेकिंग व्यवस्था का परिणाम है।

इस अभियान में स्क्वाड स्टाफ द्वारा ₹22.14 लाख, अमेनिटी स्टाफ द्वारा ₹21.71 लाख तथा स्टेशनरी स्टाफ द्वारा ₹7.60 लाख की आय अर्जित की गई। मंडल द्वारा टिकट जांच व्यवस्था में निरंतर सुधार, अधिकतम कोच मैनिंग सुनिश्चित करने तथा नियमित सघन जांच अभियान चलाने के कारण यह उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त हुई है।

अभियान के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ के उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन भी देखने को मिले। श्री छूटेश कुमार मीणा ने सर्वाधिक व्यक्तिगत टिकट चेकिंग आय अर्जित करते हुए 103 मामलों में ₹66,900 की वसूली सुनिश्चित की। यह उपलब्धि टिकट चेकिंग स्टाफ की कार्यनिष्ठा, सतर्कता एवं समर्पण को दर्शाती है। प्रयागराज मंडल राजस्व संवर्धन के साथ-साथ यात्रियों में वैध टिकट के साथ यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु निरंतर प्रयासरत है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गत माह सर्वाधिक आय अर्जित करने वाले 5 स्क्वाड स्टाफ एवं 5 अमेनिटी स्टाफ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *