हिंदी न केवल हमारे संचार का माध्यम है बल्कि विचारों, भावनाओं को व्यक्त करने का सबसे सशक्त जरिया भी है – सतीश झा

Spread the love
हिंदी दिवस पर ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सीएमडी का संदेश

आसनसोल । हिंदी दिवस के अवसर पर ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक  सतीश झा ने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ईसीएल पूरे सितंबर माह को राजभाषा (हिंदी) माह, 2025 के रूप में मना रही है, जिसमें मुख्यालय सहित सभी क्षेत्रों, अस्पतालों, इकाइयों व कार्यशालाओं की सक्रिय सहभागिता सराहनीय है।

 श्री झा ने कहा कि हिंदी दिवस महज़ एक औपचारिक आयोजन नहीं है बल्कि हमारी भाषा के गौरव, उसकी महत्ता और सांस्कृतिक आत्म-सम्मान का उत्सव है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी की सक्रिय सहभागिता हिंदी के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है।

उन्होंने कहा, “हिंदी भारत की आत्मा है। यह भाषा न केवल हमारे संचार का माध्यम है बल्कि विचारों, भावनाओं और संवेदनाओं को व्यक्त करने का सबसे सशक्त जरिया भी है। यही वजह है कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हिंदी की स्वीकृति और सम्मान तेजी से बढ़ रहे हैं।” देश की भाषाई विविधता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हिंदी उन सभी को जोड़ने वाली सेतु के रूप में कार्य करती है और आज विश्व की प्रमुख भाषाओं में से एक बन चुकी है। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि कार्यालयीन कार्यों, संचार के विभिन्न माध्यमों और दैनिक जीवन में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करें।

श्री झा ने यह भी कहा कि नई पीढ़ी को हिंदी की जड़ों से जोड़ना और आधुनिक तकनीक के साथ इसे आगे बढ़ाना समय की जरूरत है। विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्रों में भी हिंदी को व्यापक स्वीकार्यता मिल रही है।

अंत में उन्होंने पुनः सभी को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *