एनटीपीसी पूर्वी क्षेत्र-1 मुख्यालय में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ

Spread the love

हिंदी को कार्य-व्यवहार की सहज एवं प्रभावी भाषा बनाया जाना चाहिए – विल्सन अब्राहम

पटना। एनटीपीसी पूर्वी क्षेत्र-1 मुख्यालय में राजभाषा अनुभाग के तत्वावधान में 14 से 28 सितम्बर 2026 तक आयोजित होने वाले हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ 14 सितम्बर को मुख्य सभागार में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विल्सन अब्राहम, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग हेतु राजभाषा संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर  विल्सन अब्राहम ने कहा कि एनटीपीसी ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ भारतीय भाषा एवं संस्कृति के संवर्धन के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों, रिपोर्टों एवं पत्राचार में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर देते हुए कहा कि हिंदी को कार्य-व्यवहार की सहज एवं प्रभावी भाषा बनाया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान एनटीपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक द्वारा जारी हिंदी अपील भी उपस्थितजनों के साथ साझा की गई। इस अवसर पर हिंदी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। हिंदी पखवाड़े के दौरान हिंदी प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन, सुलेख लेखन एवं कवि सम्मेलन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय मुख्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *