हिंडालको महान की सीएसआर पहल से सशक्त होंगी बेटियां,‘प्रोजेक्ट बिटिया (She Shines)’ का शुभारंभ

Spread the love

सिंगरौली। हिंडालको महान ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत सिंगरौली जिले की बालिकाओं के समग्र विकास एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से ‘प्रोजेक्ट बिटिया (She Shines)’ का शुभारंभ किया। यह परियोजना हिंडालको महान एवं पीसीआई (PCI) संस्था के संयुक्त सहयोग से संचालित की जाएगी। परियोजना का नेतृत्व परियोजना अधिकारी रूपिका ठाकुर करेंगी। इस पहल के माध्यम से बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, सुरक्षा, जीवन कौशल एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, देवसर सुखदेव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के विकास की आधारशिला उसकी शिक्षित एवं सशक्त बेटियां होती हैं। उन्होंने हिंडालको महान की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जिले में बालिका सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद संजीव कुमार सिंह, वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद रामचंद्र, वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद रणसजीवन बैस, वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद माणिक चंद्र गुप्ता, वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद रमेश कुमार साहू, वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद रमेश कुमार बैस, वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद अभिलाष सिंह चंदेल तथा मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एसआरएलएम) के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि ‘प्रोजेक्ट बिटिया (She Shines)’ बालिकाओं के समग्र विकास पर आधारित एक व्यापक पहल है, जिसके चार प्रमुख स्तंभ हैं—जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन, पोषण प्रणाली सुदृढ़ीकरण, परिवार एवं समुदाय की सहभागिता तथा किशोरी सशक्तिकरण। परियोजना के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों (SHGs), ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHSND) तथा समुदाय के सहयोग से बालिकाओं तक स्वास्थ्य, पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मासिक धर्म स्वच्छता, जीवन कौशल, डिजिटल सुरक्षा एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम, विद्यालय छोड़ने वाली बालिकाओं को पुनः शिक्षा से जोड़ने, कुपोषण में कमी लाने तथा बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि ‘बिटिया (She Shines)’ पहल वर्तमान में देश के 7 राज्यों के 534 गांवों में संचालित है तथा पिछले तीन वर्षों में 50 हजार से अधिक बालिकाओं तक पहुंच बनाकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर चुकी है।

हिंडालको महान के इकाई प्रमुख लिनु पंचमन ने अपने संदेश में कहा कि “हिंडालको महान का उद्देश्य केवल औद्योगिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के समग्र एवं समावेशी विकास में भी सक्रिय भागीदारी निभाना है। ‘प्रोजेक्ट बिटिया’ के माध्यम से सिंगरौली की बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और नेतृत्व के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।”

मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा ने अपने संदेश में कहा कि “बालिका सशक्तिकरण सतत एवं समावेशी विकास की सबसे मजबूत नींव है। हिंडालको महान की यह सीएसआर पहल बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जीवन कौशल विकसित करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य करेगी।”

परियोजना अधिकारी रूपिका ठाकुर ने बताया कि हिंडालको महान एवं पीसीआई संस्था के संयुक्त सहयोग से संचालित यह परियोजना समुदाय, विद्यालय, आंगनवाड़ी और स्थानीय संस्थाओं के साथ मिलकर बालिकाओं के समग्र विकास के लिए कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना का उद्देश्य केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यवहार परिवर्तन लाकर बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और नेतृत्व के क्षेत्र में सशक्त बनाना है, जिससे वे समाज में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने बालिका शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने का आह्वान करते हुए इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने पर बल दिया।

“स्वस्थ बेटियां – शिक्षित बेटियां – सशक्त बेटियां” के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *