हर नए कदम के साथ हरियाली का संकल्प: हिंडालको महान ने स्वागत को बनाया पर्यावरण संरक्षण का उत्सव

Spread the love

सिंगरौली। पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को अपनी कार्य संस्कृति का अभिन्न अंग मानते हुए हिंडालको महान ने एक सराहनीय एवं प्रेरणादायी पहल की शुरुआत की है। अब इकाई से जुड़ने वाले प्रत्येक नए अधिकारी एवं कर्मचारी का स्वागत पौधरोपण के माध्यम से किया जाएगा। इस पहल के अंतर्गत नए सदस्य अपने परिवार के साथ अपने नाम से पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए संगठन की हरित विकास यात्रा का हिस्सा बनेंगे।

इस अभिनव अभियान के प्रथम चरण में हाल ही में हिंडालको महान से जुड़े 30 नए अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने नाम से पाँच-पाँच पौधे लगाए। यह पहल केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण एवं उसे पूर्ण विकसित वृक्ष के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता भी इससे जुड़ी है। अभियान का उद्देश्य यह संदेश देना है कि जिस प्रकार एक छोटा पौधा समय के साथ विशाल वृक्ष बनकर समाज, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों को लाभान्वित करता है, उसी प्रकार संगठन से जुड़ने वाला प्रत्येक सदस्य भी अपने ज्ञान, अनुभव और समर्पण से हिंडालको महान की सतत प्रगति एवं विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

कार्यक्रम में इकाई प्रमुख लिनु पंचमन एवं उनकी धर्मपत्नी अनुजा पंचमन, मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा, रणधीर वत्स, कॉर्पोरेट लॉजिस्टिक्स हेड सुकांता दास, क्लस्टर लॉजिस्टिक्स हेड नितिन, लॉजिस्टिक्स हेड दिग्विजय सिंह, सी.टी.एस. से राकेश यादव, मानव संसाधन विभाग से संजय सिंह, प्रणव सोनी, जेनी, श्वेता, दीपक तिवारी, सुनील चौबे, सतेंद्र पाठक, महेंद्र पाण्डेय, रमेश मोबालिया एवं देवेंद्र सिंह सहित अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधरोपण कर इस अभियान को अपना सक्रिय समर्थन प्रदान किया। इस अवसर पर इकाई प्रमुख लिनु पंचमन ने कहा कि यह पहल केवल एक औपचारिकता नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर नया सदस्य जब एक पौधा लगाता है, तो वह संगठन के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति भी अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है। वहीं मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि यह अभियान कर्मचारियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सहभागिता को बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस पहल से संगठन में सकारात्मक ऊर्जा के साथ-साथ प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित होगी।

हिंडालको महान का यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ कर्मचारियों में जिम्मेदारी, सहभागिता और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रत्येक नए सदस्य के नाम से लगाया गया पौधा संगठन और कर्मचारी के बीच एक दीर्घकालिक संबंध तथा हरित एवं सतत भविष्य के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगा। आने वाले समय में यह पहल हिंडालको महान परिसर को और अधिक हरित बनाने के साथ-साथ समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश भी प्रसारित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *