1 सितंबर को ट्रांसस्टेडिया अहमदाबाद में गुजरात सुपर लीग सीज़न-3 का होगा शुभारंभ 

Spread the love

जीएसएफए द्वारा नई डिजिटल ऐप लॉन्च; जीएसएल की जर्सी और ट्रॉफी का अनावरण

अहमदाबाद, ।: गुजरात स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन (जीएसएफए) गुजरात सुपर लीग (जीएसएल) के तीसरे सीज़न के शुभारंभ के लिए पूरी तरह तैयार है। जीएसएल सीज़न-3 का शुभारंभ 1 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे ट्रांसस्टेडिया एरिना, अहमदाबाद में होगा। यह गुजरात में मजबूत फुटबॉल इकोसिस्टम विकसित करने के राज्य के प्रयासों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जीएसएफए के उपाध्यक्ष  प्रदीपसिंह वाघेला ने जीएसएफए के पदाधिकारियों और जीएसएल की टीम मालिकों की उपस्थिति में सीज़न-3 की ट्रॉफी और आधिकारिक टीम जर्सी का अनावरण किया।

जीएसएल-3 में भाग लेने वाले अंडर-20 खिलाड़ियों में से दो खिलाड़ियों का चयन जर्मनी में टियर-3 और टियर-4 घरेलू फुटबॉल टूर्नामेंटों में खेलने के ट्रायल के लिए किया जाएगा। इन खिलाड़ियों के चयन में जर्मन मनोवैज्ञानिक प्रोफेसर जेन मायेर और बॉस टेक्नोलॉजी स्पोर्ट्स इंटेलिजेंस के माध्यम से सहयोग करेंगे। इस अवसर पर गंभीर रूप से घायल युवा फुटबॉलर राहुल भाटिया को 2 लाख रुपये की एक्स-ग्रेशिया राशि देने की भी घोषणा की गई। पहले दो सीज़न को मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के बाद जीएसएल का तीसरा सीज़न अधिक प्रतिस्पर्धात्मक और रोमांचक होने की उम्मीद है। लीग के माध्यम से गुजरात की फुटबॉल प्रतिभाओं को एक मंच मिलेगा और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उच्च गुणवत्ता वाला अवसर प्राप्त होगा।

सीज़न के शुभारंभ से पहले जीएसएफए के अध्यक्ष  परिमल नथवाणी ने कहा कि जीएसएल का तीसरा सीज़न गुजरात की फुटबॉल यात्रा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने कहा, “जीएसएल केवल एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि गुजरात में फुटबॉल के विकास के लिए हमारी व्यापक दृष्टि का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। हमारा उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करना, अधिक से अधिक लोगों को फुटबॉल से जोड़ना और ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिसमें राज्य के युवाओं के लिए फुटबॉल पसंदीदा खेल बने।”

फुटबॉल प्रशंसकों को लीग से और अधिक करीब से जोड़ने के उद्देश्य से जीएसएफए ने एक समर्पित डिजिटल ऐप भी लॉन्च की है। इस ऐप के माध्यम से जीएसएल के साथ-साथ जीएसएफए की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी। इस ऐप को गुजरात फुटबॉल के वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। इसमें प्रशंसकों को जीएसएल के फिक्स्चर, मैच शेड्यूल, परिणाम, टीमों की जानकारी, खिलाड़ियों की प्रोफाइल, लीग से जुड़े अपडेट, फोटो और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध होंगी।

श्री नथवाणी ने कहा कि नए डिजिटल प्लेटफॉर्म के लॉन्च से लीग और उसके समर्थकों के बीच जुड़ाव और मजबूत होगा। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि जीएसएल केवल स्टेडियम तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक फुटबॉल प्रेमी के मोबाइल फोन और डिजिटल डिवाइस पर भी आसानी से उपलब्ध हो। नई ऐप इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

जीएसएफए के मानद सचिव मुलराजसिंह चूड़ासमा ने बड़ी स्क्रीन पर ऐप की प्रमुख विशेषताओं और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफॉर्म जीएसएफए की विभिन्न पहलों और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराएगा तथा एसोसिएशन, खिलाड़ियों और गुजरात के फुटबॉल प्रशंसकों के बीच संपर्क को मजबूत करेगा। इस अवसर पर जीएसएल सीज़न-3 की आधिकारिक जर्सी और ट्रॉफी का भी अनावरण किया गया। जर्सी और ट्रॉफी लीग की पहचान, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और उसके लक्ष्यों का प्रतीक हैं। जर्सी का डिजाइन गुजरात फुटबॉल की ऊर्जा और आधुनिक स्वरूप को दर्शाता है, जबकि ट्रॉफी उस सर्वोच्च पुरस्कार का प्रतिनिधित्व करती है जिसके लिए लीग की टीमें पूरे सीज़न में प्रतिस्पर्धा करेंगी। जीएसएफए ने इस अवसर पर जीएसएल सीज़न-3 के पूरे फिक्स्चर की भी घोषणा की। इससे फुटबॉल प्रशंसकों को अपनी पसंदीदा टीमों का समर्थन करने और मैचों में अपनी उपस्थिति की योजना बनाने में सुविधा होगी।

ट्रांसस्टेडिया, अहमदाबाद में होने वाले रोमांचक मुकाबलों के माध्यम से फुटबॉल प्रेमियों को पेशेवर स्टेडियम के माहौल में प्रतिस्पर्धात्मक फुटबॉल देखने का अवसर मिलेगा। तारीख, टीमें और मैचों के समय सहित विस्तृत फिक्स्चर नए लॉन्च किए गए जीएसएल डिजिटल प्लेटफॉर्म तथा जीएसएफए के आधिकारिक संचार माध्यमों पर उपलब्ध होंगे। जीएसएल सीज़न-3 के शुभारंभ के अवसर पर ट्रांसस्टेडिया, अहमदाबाद में एक विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें फुटबॉल खिलाड़ी, अधिकारी, कोच, समर्थक, खेल जगत की हस्तियां और अन्य हितधारक शामिल होंगे। जीएसएफए ने गुजरात के सभी फुटबॉल प्रशंसकों, खिलाड़ियों, समर्थकों, खेल प्रेमियों और नागरिकों से इस समारोह तथा जीएसएल सीज़न-3 से जुड़कर इसे गुजरात की फुटबॉल यात्रा का एक यादगार अध्याय बनाने में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *