जनपद में हुई भारी बारिश से कुछ सड़कों और गांवों में भरा पानी, निकासी व्यवस्था में जुटा प्रशासन 

Spread the love

इलिया रोड व नरसिंहपुर में जलजमाव पर भड़के जिलाधिकारी ने एसडीएम और अधिशासी अभियंता को दी सख्त चेतावनी, बोले लापरवाही किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं

इलिया रोड पर जेटिंक मशीन से साफ कराया गया जाम नाला

चन्दौली। जिले में हुई भारी बारिश से कुछ जगहों पर आमजन की आवगमन एवं फसलों की डूबने की सूचना पर विकास खण्ड सदर के इलिया रोड और ग्राम नरसिंहपुर में जलभराव की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग गुरुवार को खुद स्थलीय निरीक्षण करने सड़क पर उतर आए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल प्रभाव से जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाने के सख्त निर्देश दिये।

इलिया रोड के निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि हाईवे के नीचे से गुजरने वाली क्रॉस पुलिया और मुख्य नाला पूरी तरह जाम हो जाने के कारण क्षेत्र में जलभराव की गंभीर स्थिति बनी। ईओ ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही तत्काल जेटिंक मशीन लगाकर नाले की सफाई का कार्य शुरू कराया गया, जिससे अब पानी की निकासी तेजी से शुरू हो चुकी है। अधिकारियों ने दावा किया है कि नाले की पूर्ण सफाई के बाद दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।

सदर ब्लॉक के ग्राम नरसिंहपुर पहुंचे जिलाधिकारी बारिश के पानी की समुचित निकासी न होने पर बेहद नाराज दिखे। उन्होंने मौक पर मौजूद उप जिलाधिकारी सदर और चंद्रप्रभा प्रखंड के अधिशासी अभियंता (एक्सियन) पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।  जिलाधिकारी ने दोनों अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि बारिश प्रभावित सभी स्थानों का खुद स्थलीय निरीक्षण करें और तत्काल प्रभाव से राहत व जल निकासी की कार्यवाही सुनिश्चित करें। जलजमाव से जनता को हो रही परेशानी पर किसी भी अधिकारी की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। एसडीएम सदर और एक्सियन चंद्रप्रभा तत्काल सभी प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर धरातल पर उचित कार्यवाही सुनिश्चित करें और जल निकासी व्यवस्था बहाल कर मुझे रिपोर्ट सौंपें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *