बाबा साहब को कृतज्ञ राष्ट्र का नमन : मंत्री ए.के. शर्मा ने जयंती पर दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Spread the love

*गांव-गांव पहुंचकर सामाजिक समरसता और समानता का दिया सशक्त संदेश*

*संविधान निर्माता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान*

*डबल इंजन सरकार बाबा साहब के सपनों को कर रही साकार*

*गरीब, वंचित और शोषित वर्ग के उत्थान हेतु योजनाओं पर विशेष जोर*

*अंबेडकर पार्क व पुस्तकालय निर्माण का आश्वासन, स्थानीय विकास को मिलेगी गति*

लखनऊ। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती के पावन अवसर पर जनपद मऊ में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने व्यापक रूप से प्रतिभाग करते हुए बाबा साहब को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने जवाहिरपुर, रामपुर छतहरा, मारूखपुर, मर्यादपुर, तीनहरी, रसूलपुर, कांठतराव, सूरजपुर एवं सहरोज सहित अनेक गांवों में पहुंचकर स्थानीय जनसमूह के साथ इस ऐतिहासिक अवसर को साझा किया।

कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल भारतीय संविधान के निर्माता ही नहीं थे, बल्कि वे सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों के महान पुरोधा थे। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने अपने संपूर्ण जीवन को समाज के कमजोर, वंचित एवं शोषित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित किया और एक ऐसे भारत की कल्पना की, जहां सभी को समान अवसर और सम्मान प्राप्त हो।उन्होंने आगे कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि हम सभी बाबा साहब के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज में व्याप्त भेदभाव, असमानता एवं कुरीतियों को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करें। मंत्री श्री शर्मा ने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं, क्योंकि बाबा साहब का मानना था कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के कल्याण हेतु निरंतर कार्यरत है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की भावना के साथ योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हुआ है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक बोझ का सामना नहीं करना पड़ता। इसके साथ ही “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के जरिए बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें प्रभावी ढंग से लागू कर प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इस दौरान स्थानीय निवासियों द्वारा क्षेत्र के विकास से संबंधित विभिन्न मांगें मंत्री श्री शर्मा के समक्ष रखी गईं। मंत्री श्री शर्मा ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए अंबेडकर पार्क के निर्माण तथा पुस्तकालय की स्थापना का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के माध्यम से न केवल बाबा साहब के विचारों को स्थायी रूप से संरक्षित किया जा सकेगा, बल्कि युवाओं को शिक्षा और प्रेरणा का एक सशक्त केंद्र भी मिलेगा।कार्यक्रमों के दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। सभी ने बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *