बालिका सशक्तिकरण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है – दिवाकर कौशिक

Spread the love

एनटीपीसी टांडा में  बालिका सशक्तिकरण अभियान कार्यशाला-2026 का भव्य शुभारंभ*

अंबेडकरनगर। एनटीपीसी की नैगमिक सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के अंतर्गत एनटीपीसी टांडा द्वारा आयोजित ‘सपनों की उड़ान’ बालिका सशक्तिकरण अभियान कार्यशाला-2026 का उद्घाटन समारोह सरगम सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों की बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं जीवन कौशल के माध्यम से सशक्त बनाना है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  दिवाकर कौशिक, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक(उत्तर), एनटीपीसी लिमिटेड एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एनएसपीसीएल) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती सीमा कौशिक, अध्यक्षा, उत्तरा क्लब उपस्थित रहीं। अतिथियों के आगमन के उपरांत दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात एनटीपीसी गीत प्रस्तुत किया गया तथा गरिमा महिला मंडल द्वारा स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में बालिका सशक्तिकरण अभियान कार्यशाला-2026 पर आधारित प्रेरणादायी फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें बालिकाओं के जीवन में इस पहल से आए सकारात्मक बदलावों को दर्शाया गया। इसके साथ ही बाल भवन एवं गरिमा महिला मंडल द्वारा संचालित विद्यालय की बालिकाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। जेम बालिकाओं द्वारा योग प्रदर्शन एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

अपने संबोधन में  दिवाकर कौशिक ने कहा कि बालिका सशक्तिकरण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी की “गर्ल एम्पावरमेंट मिशन (जेम)” पहल देशभर में हजारों बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। श्रीमती सीमा कौशिक ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, बड़े सपने देखने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन को नई दिशा देने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यशाला के दौरान बालिकाओं को शिक्षा, कंप्यूटर ज्ञान, व्यक्तित्व विकास, योग, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, आत्मरक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा नेतृत्व कौशल से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। एनटीपीसी की जेम पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनाना है।

कार्यक्रम में पूर्व वर्ष की जेम प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा बताया कि इस पहल ने उनके आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समारोह के अंत में प्रतिभागियों को किट वितरित किए गए तथा समूह छायाचित्र लिया गया। इस अवसर पर एनटीपीसी टांडा के कार्यकारी निदेशक  जयदेव परिदा, गरिमा महिला मण्डल की अध्यक्षा श्रीमती संघमित्रा परिदा एवं  वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारीगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *