कलेक्ट्रेट सभागार में कोटेदारों ने सुना मुख्यमंत्री का संबोधन’
सोनभद्र। प्रदेश के राशन कोटेदारों को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्रीयोगी आदित्यनाथ ने बड़ी सौगात देते हुए उनके लाभांश को रूपाया 90 प्रति कुंतल से बढ़ाकर रूपाया 125 प्रति कुंतल कर दिया है। इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 78 हजार राशन कोटेदारों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री द्वारा लाभांश वृद्धि की घोषणा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम एवं उनके संबोधन का सजीव प्रसारण जनपद सोनभद्र की चारों विधानसभा क्षेत्रों रॉबर्ट्सगंज, ओबरा, दुद्धी एवं घोरावल में किया गया। संबंधित सभागारों में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं राशन कोटेदारों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना। कलेक्ट्रेट सभागार, रॉबर्ट्सगंज में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में राशन कोटेदार उपस्थित रहे।
इसी प्रकार अन्य विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में भी जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं राशन कोटेदारों ने सहभागिता की। लाभांश में की गई इस वृद्धि का लाभ जनपद सोनभद्र के 786 राशन कोटेदारों को भी मिलेगा। अब प्रति कुंतल राशन वितरण पर मिलने वाला लाभांश ₹90 के स्थान पर ₹125 होगा, जिससे कोटेदारों की आय में वृद्धि होने के साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
