पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक  डिम्पी गर्ग ने जहानाबाद, गया, डाल्टनगंज, बरवाडीह आदि स्टेशनों का किया निरीक्षण

Spread the love

स्टेशन पुनर्विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का दिया निर्देश

हाजीपुर : पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग द्वारा 11.09.2026 को दानापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय एवं धनबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में अंकोरहा स्टेशन पर काराकाट के  सांसद  राजा राम सिंह  एवं डाल्टनगंज स्टेशन पर पलामू के  सांसद श विष्णु दयाल राम से संसदीय क्षेत्रों में रेल सुविधाओं से संबंधित विषयों पर महाप्रबंधक ने वार्ता की तथा  सांसदगण से सुझाव एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुए ।

 निरीक्षण में महाप्रबंधक द्वारा सर्वप्रथम जहानाबाद स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधा, संरक्षा आदि का जायजा लिया गया। महाप्रबंधक ने यहाँ पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्य की प्रगति की समीक्षा की तथा उच्च गुणवत्तायुक्त निर्माण कार्य एवं उन्नत यात्री सुविधा की उपलब्धता पर विशेष बल देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इसके बाद महाप्रबंधक गया स्टेशन पहुंचे जहां उन्होंने प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, नवनिर्मित भवन सहित यात्री सुविधा, संरक्षा आदि से जुड़े विभिन्न पहलुओं का गहन मुआयना किया। महाप्रबंधक ने गया स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की प्रगति की समीक्षा कर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन, उच्च गुणवत्तापूर्ण निष्पादन और समय पर परियोजना पूर्ण करने पर निर्देश दिया। महाप्रबंधक ने गया जंक्शन से सोन नगर स्टेशन होते हुए गढ़वा रोड तक विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से रेलखंड का निरीक्षण किया तथा मार्ग में संरक्षा, अनुरक्षण एवं रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।

विदित हो कि स्टेशन पुनर्विकास योजना के माध्यम से स्टेशनों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। यात्री सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्लेटफॉर्म सुविधाओं, सुगम आवागमन, स्वच्छता एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र से जुड़े विकास कार्य यात्रियों को नया अनुभव प्रदान करेगा ।

महाप्रबंधक ने अंकोरहा स्टेशन पर उपस्थित एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थानीय विद्युत संयंत्र से संबंधित रेल संपर्क एवं कोयला आपूर्ति से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक द्वारा धनबाद मंडल के बरवाडीह स्टेशन पर रेल परिचालन व्यवस्था, सुरक्षा, संरक्षा आदि का जायजा लिया गया । निरीक्षण के दौरान दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना एवं धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र अपने-अपने क्षेत्राधिकार में उपस्थित रहे । निरीक्षण आगे जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *