एनटीपीसी रामागुंडम के चार युवा स्केटर्स राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

Spread the love

करीमनगर जिला स्तरीय स्केटिंग चयन प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाया दमखम

रामागुंडम । एनटीपीसी रामागुंडम टाउनशिप स्थित स्केटिंग रिंक में यूनाइटेड करीमनगर रोलर स्केटिंग जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। एनटीपीसी रामागुंडम एवं तेलंगाना के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में पूर्ववर्ती संयुक्त करीमनगर क्षेत्र के चार जिलों से आए लगभग 80 युवा स्केटर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला स्केटिंग एसोसिएशन और स्पोर्ट्स काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में 4 से 18 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने इनलाइन और क्वाड स्केटिंग की विभिन्न श्रेणियों में रिंक एवं रोड स्पर्धाओं के दौरान अपनी प्रतिभा, गति और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में एनटीपीसी तेलंगाना के मुख्य महाप्रबंधक (परिचालन एवं अनुरक्षण) मुकुल राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर एनटीपीसी के अधिकारियों के साथ स्केटिंग एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में एनटीपीसी रामागुंडम टाउनशिप के चार बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। यह प्रतियोगिता हैदराबाद में 12 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इन युवा खिलाड़ियों की उपलब्धि से टाउनशिप में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिला है।

एनटीपीसी रामागुंडम की यह पहल खेलों को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ऐसे आयोजनों से उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *