कोयला भवन मुख्यालय में सीवीओ अमन राज को दी गई औपचारिक विदाई

Spread the love

ईसीएल की मुख्य सतर्कता पदाधिकारी सुश्री दीप्ति पटेल भी कार्यक्रम में रही उपस्थित। बीसीसीएल की नई सीवीओ के रूप में कल लेंगी अतिरिक्त प्रभार

धनबाद। कोयला भवन मुख्यालय में आज एक गरिमामयी समारोह में बीसीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) अमन राज को औपचारिक विदाई दी गई। इस अवसर पर सीएमडी बीसीसीएल, मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार, कंपनी सचिव देबानुज देबनाथ सहित कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सीएमडी एवं निदेशकगण द्वारा अमन राज को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल के दौरान दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उन्हें औपचारिक विदाई दी। अपने संबोधन में सीएमडी  मनोज कुमार अग्रवाल ने अमन राज के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने बीसीसीएल में मुख्य सतर्कता पदाधिकारी के रूप में पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं पेशेवर दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि  राज ने संगठन में सतर्कता जागरूकता को सुदृढ़ करने, प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाने तथा जवाबदेही की संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी कार्यशैली एवं अनुभव भविष्य में भी विभिन्न संस्थानों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने श्री राज के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल आगामी दायित्वों के लिए शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर अमन राज ने अपने संबोधन में कहा कि देश की सबसे बड़ी कोकिंग कोल उत्पादक कंपनी बीसीसीएल में मुख्य सतर्कता पदाधिकारी के रूप में कार्य करना उनके लिए एक गौरवपूर्ण एवं समृद्ध अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल में कार्य करते हुए उन्हें संगठन के सभी स्तरों से निरंतर सहयोग, समर्थन एवं सकारात्मक सहभागिता प्राप्त हुई, जिसके कारण वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सके। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीसीसीएल में बिताया गया समय सदैव उनके लिए स्मरणीय रहेगा। श्री राज ने कंपनी की निरंतर प्रगति, उत्पादन वृद्धि तथा संस्थागत उत्कृष्टता के लिए अपनी शुभकामनाएँ व्यक्त कीं। विदित हो कि श्री अमन राज एससीआरए सर्विसेज के रेलवे अधिकारी हैं तथा वर्तमान में तीन वर्षों की प्रतिनियुक्ति अवधि के अंतर्गत बीसीसीएल में मुख्य सतर्कता पदाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे थे। उनका कार्यकाल पूर्ण होने के उपरांत उनकी पदस्थापना हाजीपुर जोनल रेलवे कार्यालय में की गई है।

सुश्री दीप्ति पटेल बीसीसीएल की नई सीवीओ

कार्यक्रम में ईसीएल की सीवीओ सुश्री दीप्ति पटेल भी उपस्थित रहीं, जिन्हें बीसीसीएल के नए सीवीओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सुश्री पटेल रेल सेवा की अधिकारी है और वर्त्तमान में ईसीएल की मुख्य सतर्कता पदाधिकारी के पद पर कार्यरत है। सुश्री पटेल कल औपचारिक रूप से बीसीसीएल के नए सीवीओ का प्रभार ग्रहण करेंगी। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। समारोह के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अमन राज के योगदान को स्मरण करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा श्रीमती दीप्ति पटेल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *