बीएसएल के निगमित सामाजिक दायित्व के अंतर्गत स्थानीय समुदाय के सशक्तीकरण हेतु शिक्षा और कौशल विकास पहलों का विस्तार

Spread the love

बोकारो। बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा अपने निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत स्थानीय विस्थापित परिवारों और स्थानीय युवाओं के शिक्षा एवं तकनीकी कौशल के लिए कई महत्वपूर्ण एवं दूरगामी कदम उठाए गए हैं। इन प्रयासों में बोकारो इस्पात शैक्षणिक न्यास द्वारा संचालित बोकारो प्राइवेट आईटीआई की भूमिका विशेष तौर पर उल्लेखनीय है जिसके माध्यम से न केवल विस्थापित एवं स्थानीय युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान की जा रही है, बल्कि रोजगारउन्मुख कौशल विकास और ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग के जरिए औद्योगिक मंचों पर उनके लिए  नए अवसरों के मार्ग प्रशस्त किए जा रहे हैं ।

ज्ञातव्य है कि बोकारो प्राइवेट आईटीआई में 40 प्रतिशत सीट विस्थापित परिवार के अभियर्थियों के लिए आरक्षित है, साथ ही इस श्रेणी के अभियर्थियों के लिए यह पाठ्यक्रम पूरी तरह से नि:शुल्क है। यहाँ फिलहाल इलेक्ट्रीशियन, फिटर और वेल्डर जैसे कोर-औद्योगिक ट्रेडों में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देकर स्थानीय कार्यबल की दक्षता को निरंतर बढ़ाया जा रहा है। वैश्विक औद्योगिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल्द ही कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (सीओपीए), डीजल मेकेनिक, फायर टेक्नोलॉजी एंड इंडस्ट्रियल सेफ्टी मैनेजमेंट से संबंधित ट्रेड्स की भी शुरुआत करने की योजना है। अपनी स्थापना काल से अब तक इस केंद्र में 2149 विद्यार्थियों का दाखिला हो चुका है जो क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम (नियमित) एवं  क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम – ड्यूल, दोनों पाठ्यक्रमों के तहत लाभान्वित हो रहे हैं।

इस बहुआयामी पहल के दौरान आयोजित कैंपस रिक्रूटमेंट-सह-प्लेसमेंट ड्राइव स्थानीय सामाजिक-आर्थिक उत्थान का एक सशक्त माध्यम सिद्ध हो रहे हैं, जिसमें देश की बड़ी पीएसयू कंपनियां सहित अन्य कॉर्पोरेट कंपनियां जैसे होंडा मोटरसाइकिल, स्पार्क मिंडा, एक्साइड और टीवीएस जैसी इकाइयां ग्रामीण अंचल के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर रही हैं। बोकारो आईटीआई के प्रशिक्षुओं को कौशल विकास के उद्देश्य से बोकारो स्टील प्लांट के विभिन्न विभागों में कार्यस्थल (ऑन-द-जॉब) प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। यह विशेषता बोकारो आईटीआई को राज्य के अन्य सभी आईटीआई संस्थानों से विशिष्ट एवं अलग पहचान प्रदान करती है। बीएसएल का यह प्रयास स्थानीय युवाओं और विस्थापित परिवार के नौजवानों के लिए नए अवसरों का सृजन करने के साथ ही बोकारो इस्पात संयंत्र के समावेशी विकास और राष्ट्र निर्माण के व्यापक संकल्प को भी निरंतर मजबूती प्रदान कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *