रेणुकूट। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हिंडाल्को रेनुकूट द्वारा मानव संसाधन व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र में एक ऑफलाइन पर्यावरण क्विज प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में सर्विसेज, कमर्शियल, रिडक्शन प्लांट, बॉयलर को-जेन, फैब्रिकेशन प्लांट एवं अलुमिना प्लांट की कुल 11 टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में रिडक्शन प्लांट टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सर्विसेज टीम द्वितीय एवं डीसी कास्टिंग टीम तृतीय स्थान पर रही। इस अवसर पर पर्यावरण विभाग के प्रमुख सत्यजीत आचार्य ने कहा कि यह आयोजन न केवल कर्मचारियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है, बल्कि सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति हिंडाल्को की दृढ़ प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
क्विज का संचालन रोहित प्रियदर्शी (बॉयलर एवं को-जेन) द्वारा किया गया। उन्होंने विविध विषयों पर आधारित प्रश्नों के माध्यम से प्रतियोगिता को अत्यंत रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाया। उनके कुशल संचालन एवं प्रभावी समन्वय के चलते कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर पर्यावरण विभाग के प्रमुख सत्यजीत आचार्य, महेंद्र तिवारी एवं कमलेश कुमार सिंह के साथ विभिन्न विभागों के अध्यक्ष एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
