बीजपुर । हिन्दी पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत एनटीपीसी रिहंद में शुक्रवार को कर्मचारी वर्ग के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन कर्मचारी विकास केंद्र में किया गया। प्रतियोगिता का विषय “ऊर्जा क्षेत्र में राजभाषा हिन्दी की भूमिका : एनटीपीसी के संदर्भ में” रखा गया, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हिन्दी भाषा के प्रति अपनी रुचि एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मचारियों को राजभाषा हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करना तथा कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देना था। प्रतिभागियों ने ऊर्जा क्षेत्र में हिन्दी की भूमिका, राजभाषा के रूप में हिन्दी के महत्व तथा एनटीपीसी में हिन्दी के प्रभावी प्रयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
एनटीपीसी रिहंद में 14 से 28 सितंबर 2026 तक हिन्दी पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के लिए विभिन्न हिन्दी प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से राजभाषा हिन्दी के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा दैनिक एवं कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
