लखनऊ। एनटीपीसी उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय (NRHQ), लखनऊ द्वारा कर्मचारियों के लिए लैंगिक संवेदनशीलता एवं POSH (कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम) जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षित, सम्मानजनक एवं समावेशी वातावरण को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में एस. एन. पाणिग्राही, कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन), उत्तरी एवं दक्षिणी क्षेत्र की गरिमामयी उपस्थिति रही। सत्र का संचालन सुश्री वीनू कक्कड़, एसोसिएट फैसिलिटेटर, लीडिंग टीम्स द्वारा किया गया। सुश्री कक्कड़ को संयुक्त राष्ट्र सहित विभिन्न संगठनों के साथ कार्य करने का 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है।

इस अवसर पर पाणिग्राही ने कहा कि इस संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण विषय पर सत्र के लिए सुश्री कक्कड़ का मार्गदर्शन प्राप्त होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सत्र कर्मचारियों के लिए उपयोगी एवं लाभकारी सिद्ध होगा।
सत्र के दौरान कर्मचारियों को POSH अधिनियम, 2013 के प्रमुख पहलुओं, यौन उत्पीड़न की रोकथाम, कार्यस्थल पर उचित आचरण, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया तथा आंतरिक समिति (IC) की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया। सत्र को अधिक संवादात्मक बनाने के लिए केस स्टडी साझा की गईं तथा प्रतिभागियों को समूहों में विभाजित कर सामूहिक अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम ने कर्मचारियों को अपनी शंकाओं का समाधान करने तथा गरिमापूर्ण, सुरक्षित एवं उत्पीड़न-मुक्त कार्यस्थल बनाए रखने के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्रदान किया।
