आसनसोल। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के राजभाषा विभाग द्वारा 15.06.2026 को अध्यक्ष-सह-प्रबंधक निदेशक, सतीश झा के मार्गदर्शन एवं गुंजन कुमार सिन्हा, निदेशक (मानव संसाधन)के निर्देशन में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, ईसीएल सतीश झा द्वारा की गई। बैठक में राजभाषा हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के उपयोग तथा राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों/क्षेत्र में हिंदी में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई तथा राजभाषा अधिनियम, राजभाषा नियमों एवं भारत सरकार द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों के अनुपालन की स्थिति पर विचार-विमर्श किया गया। समिति ने हिंदी में पत्राचार, ई-ऑफिस में हिंदी के प्रयोग, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा राजभाषा संबंधी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए चर्चा कर आवश्यक सुझाव दिए।
अध्यक्ष श्री झा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दैनिक कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने का आह्वान किया तथा राजभाषा नीति के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। बैठक के दौरान राजभाषा संबंधी लक्ष्यों की प्राप्ति, हिंदी कार्यशालाओं के आयोजन तथा हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने संबंधी विषयों पर भी विचार किया गया। अध्यक्ष ने सभी विभागों से राजभाषा संबंधी निर्देशों का समुचित अनुपालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने राजभाषा के प्रचार-प्रसार एवं कार्यान्वयन को सुदृढ़ बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
