ईसीएल ने सिक्किम सुरंग बचाव अभियान हेतु विशेषीकृत खान बचाव दल किया तैनात

Spread the love

आसनसोल, । राष्ट्रीय आपदा की इस गंभीर घड़ी में अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए, कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने सिक्किम के नामची जिले स्थित एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना में सुरंग ध्वस्त होने की घटना के उपरांत चलाए जा रहे खोज एवं बचाव अभियान में सहयोग के लिए 12 सदस्यीय विशेषीकृत खान बचाव दल तैनात किया है।राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा एनएचपीसी द्वारा भूमिगत बचाव कार्यों में ईसीएल की विशिष्ट विशेषज्ञता को देखते हुए सहायता का अनुरोध किए जाने के उपरांत इस दल को तैनात किया गया।

ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा के निर्देशानुसार, ईसीएल माइंस रेस्क्यू स्टेशन, सीतारामपुर के अधीक्षक (बचाव)  अभिजीत कुंडू के नेतृत्व में बचाव दल को तत्काल रवाना किया गया। यह दल भारतीय वायु सेना के विमान से पानागढ़ एयर बेस से बागडोगरा पहुँचा, जिसके पश्चात सड़क मार्ग से नामची जिले स्थित दुर्घटनास्थल के लिए प्रस्थान किया। बचाव दल विशेषीकृत खान बचाव उपकरणों तथा अत्याधुनिक श्वसन यंत्रों से सुसज्जित है और जटिल भूमिगत आपात स्थितियों से निपटने का व्यापक अनुभव रखता है। ईसीएल की खान बचाव सेवाओं ने वर्षों से देशभर में अनेक खनन एवं औद्योगिक दुर्घटनाओं के दौरान सफल बचाव अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा ने कहा कि जब भी राष्ट्र पुकारेगा, ईसीएल अपनी विशिष्ट विशेषज्ञता और अनुभवी मानव संसाधन के साथ सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ईसीएल का बचाव दल वर्तमान अभियान में पूर्ण समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ अपना योगदान देगा।

यह तैनाती राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एवं मानवीय सहायता के प्रति ईसीएल की अटूट प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। कोयला खनन गतिविधियों से परे जाकर जीवन रक्षा के इस महत्वपूर्ण अभियान में कंपनी अपनी तकनीकी विशेषज्ञता उपलब्ध करा रही है। ईसीएल बचाव कार्य में संलग्न सभी एजेंसियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए हुए है तथा अभियान की सफल परिणति के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल राष्ट्रीय हित में आवश्यकता पड़ने पर कोल इंडिया लिमिटेड तथा उसकी अनुषंगी कंपनियों द्वारा अपनी विशिष्ट विशेषज्ञता, तकनीकी क्षमता एवं संसाधनों को उपलब्ध कराने की व्यापक प्रतिबद्धता का भी परिचायक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *