*नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कैबिनेट बैठक के पश्चात दी जानकारी*
अमृत 2.0 से संवरेगा लखनऊ और वाराणसी का बुनियादी ढांचा, पेयजल की चार और सीवरेज की तीन परियोजनाओं को मंजूरी,15 लाख से अधिक आबादी को मिलेगा लाभ : मंत्री ए के शर्मा
लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज कैबिनेट बैठक के पश्चात जानकारी देते हुए बताया कि अटल नवीकरण और शहरी रूपांतरण मिशन (अमृत 2.0) के अंतर्गत नगर निगम लखनऊ एवं नगर निगम वाराणसी में पेयजल और सीवरेज से संबंधित सात परियोजनाओं के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत ₹2,941.45 करोड़ है। इनमें ₹947.45 करोड़ की लागत वाली पेयजल की चार परियोजनाएं तथा ₹1,994 करोड़ की लागत वाली सीवरेज की तीन परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से दोनों शहरों में पेयजल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ संबंधित क्षेत्रों को शत-प्रतिशत आच्छादित करने का लक्ष्य है।
नगर निगम लखनऊ में पेयजल व्यवस्था के विस्तार के लिए हैदरगंज तथा आलमनगर के केसरीखेड़ा वार्ड से संबंधित परियोजना शामिल है। इस परियोजना से लगभग 1,56,361 लोगों को लाभ मिलेगा। परियोजना के पूरा होने पर इससे आच्छादित क्षेत्र पेयजल व्यवस्था से शत-प्रतिशत आच्छादित हो जाएगा। नगर निगम वाराणसी में पेयजल की तीन और सीवरेज की तीन परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं जिनकी अनुमानित लागत 2721 करोड़ है। पेयजल की प्रथम परियोजना नगर निगम वाराणसी के नवविस्तारित लहरतारा जोन में सिस वरुणा पेयजल विस्तारीकरण एवं वृद्धिकरण योजना है। इससे लगभग 2,18,287 लोगों को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा तथा संबंधित क्षेत्र शत-प्रतिशत पेयजल व्यवस्था से आच्छादित हो जाएगा।

दूसरी परियोजना पुराना ट्रांस वरुणा पेयजल विस्तारीकरण एवं वृद्धिकरण योजना है। इसके अंतर्गत 13 वार्डों की लगभग 4,15,185 आबादी को लाभ मिलेगा और संबंधित क्षेत्र पेयजल व्यवस्था से शत-प्रतिशत आच्छादित हो जाएगा। तीसरी परियोजना नगर निगम वाराणसी के नवविस्तारित क्षेत्र में सिस वरुणा जलापूर्ति योजना (चितईपुर) से संबंधित है। इसके माध्यम से सात वार्डों की लगभग 1,88,948 आबादी को पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी तथा संबंधित क्षेत्र को शत-प्रतिशत पेयजल व्यवस्था से आच्छादित किया जाएगा।
वाराणसी में सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी तीन परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। पहली परियोजना पुराना ट्रांस वरुणा जोन से संबंधित है, जिससे लगभग 4,05,303 लोगों को लाभ मिलेगा। दूसरी परियोजना नवविस्तारित लहरतारा जोन में सिस वरुणा क्षेत्र से संबंधित है। इसके अंतर्गत चयनित आठ वार्डों की लगभग 2,04,207 आबादी को सीवरेज सुविधा का लाभ मिलेगा। तीसरी परियोजना नगर निगम वाराणसी के नवविस्तारित चितईपुर जोन से संबंधित है, जिसके अंतर्गत चयनित 10 वार्डों की लगभग 2,22,608 आबादी को लाभ मिलेगा। इन तीनों परियोजनाओं के पूरा होने पर संबंधित क्षेत्रों को सीवरेज व्यवस्था से शत-प्रतिशत आच्छादित करने का लक्ष्य है।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि अमृत 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत ये परियोजनाएं लखनऊ और वाराणसी में शहरी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इनके माध्यम से नागरिकों को बेहतर पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराने, सीवरेज व्यवस्था का विस्तार करने तथा नगरीय क्षेत्रों में जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
