मिशन शक्ति के तहत महिला एवं बालिका सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में पहल
सोनभद्र। जनसुनवाई के दौरान चतरा विकासखंड के संडा गांव निवासी रामनारायण अपनी नातिन संध्या की समस्या को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के समक्ष पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी नातिन कक्षा 7 में हरे कृष्णा कुशवाहा इंटरमीडिएट कॉलेज चतरा में पढ़ती है, जो उनके घर से लगभग 8 किलोमीटर दूर है। आवागमन की समुचित व्यवस्था न होने तथा आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण संध्या को प्रतिदिन पैदल विद्यालय आना-जाना पड़ता है। छात्रा की समस्या एवं लचर आवागमन व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया और संध्या को साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साइकिल मिलने से छात्रा के विद्यालय आने-जाने की समस्या का समाधान हुआ।
यह पहल मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला एवं बालिका सशक्तिकरण, बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहन तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।साइकिल पाकर रामनारायण एवं उनकी नातिन संध्या की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने जिलाधिकारी को बार-बार धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए जिला प्रशासन हर संभव सहयोग सुनिश्चित करेगा।
