सोनभद्र। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी बरैला बाबा भोलेनाथ श्रृंगार समिति, सोनभद्र की ओर से सावन माह के अंतिम बुधवार एवं बृहस्पतिवार को 26 व 27 अगस्त 2026 को दो दिवसीय प्राचीन बरैला महादेव का श्रृंगार महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन किया और प्रसाद ग्रहण किये।
महोत्सव के प्रथम दिन बुधवार को बरैला महादेव का फूलों की आकर्षक कसीदाकारी से महादेव के स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया। श्रृंगारित प्राचीन बरैला महादेव का पट शाम चार बजे श्रद्धालुओं के लिए खोला गया। इसके बाद भव्य आरती के साथ श्रृंगार महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं तांता लग गया। दिव्य एवं मनमोहक स्वरूप में विराजमान प्राचीन बरैला महादेव के दर्शन कर भक्त भावविभोर नजर आए।

इस दौरान हलवा प्रसाद का वितरण भी चलता रहा। भजन-कीर्तन मंडली द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ के पश्चात शिव भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। भजन-कीर्तन से पूरे परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु देर तक भक्ति में लीन रहे।शाम सात बजे से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूड़ी, सब्जी और हलवा का प्रसाद ग्रहण किया। देर रात तक दर्शन-पूजन एवं प्रसाद ग्रहण करने का सिलसिला जारी रहा।
महोत्सव के दूसरे दिन 27 अगस्त को दोपहर बाद भव्य हवन का आयोजन हुआ। हवन के पश्चात पूर्णाहुति की गई और महादेव को बाटी-चोखा, चावल, दाल, खीर एवं सलाद का भोग अर्पित कर आरती की गई। इसके बाद समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों, श्रद्धालुओं एवं स्नेहीजनों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।समापन अवसर पर बरैला बाबा भोलेनाथ श्रृंगार समिति के संयोजक, अध्यक्ष एवं समस्त पदाधिकारियों ने भगवान भोलेनाथ को नमन करते हुए महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालु भक्तों, समाजसेवियों एवं मीडियाकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने घोषणा की कि अब बरैला महादेव का श्रृंगार महोत्सव अगले वर्ष सावन माह के अंतिम बुधवार तक स्थगित रहेगा।
इस अवसर पर समिति के संयोजक विकास वर्मा, राम प्रसाद यादव, धर्मराज सिंह, नन्दलाल केसरी, सुशील सिंह, श्याम सुन्दर केसरी, राजेन्द्र केसरी, नन्द किशोर विश्वकर्मा, विनय अग्रवाल, शम्भू, आशीष अग्रवाल, राधेश्याम केसरी, अशोक विश्वकर्मा, बिन्दू पाण्डेय, रोशन यादव, समेत तमाम श्रद्धालू उपस्थित रहे।
