महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे द्वारा कानपुर परिक्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण

Spread the love

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कानपुर परिक्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में सर्वप्रथम उन्होंने ओल्ड वाशिंग लाइन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान ओल्ड वाशिंग लाइन की क्षमता विस्तार की संभावनाओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा भी की गई। इसके उपरांत महाप्रबंधक ने न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स, जीएमसी यार्ड, सीपीसी गुड्स शेड तथा कानपुर अनवरगंज स्टेशन का निरीक्षण किया एवं भावी आवश्यकताओं के दृष्टिगत विभिन्न विकास कार्यों की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए परिचालन व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की। इसी क्रम में कानपुर अनवरगंज से मंधना के मध्य निर्माणाधीन एलिवेटेड ट्रैक परियोजना के परिप्रेक्ष्य में महाप्रबंधक ने कानपुर अनवरगंज से रावतपुर के मध्य निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति एवं कार्यों का अवलोकन किया।

निरीक्षण के क्रम को आगे बढ़ाते हुए महाप्रबंधक ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर चल रहे रीडेवलपमेंट कार्यों की भी समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए तथा प्रत्येक सप्ताह कार्य प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कार्यों की गति बढ़ाने एवं यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य संपादित किए जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने संरक्षा, परिचालन दक्षता तथा यात्री सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए जाने पर विशेष बल दिया।

बढ़ते रेल यातायात एवं कोचिंग गाड़ियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के सुदृढ़ीकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसी क्रम में ओल्ड वाशिंग लाइन में लाइन क्षमता वृद्धि तथा न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स में अनुरक्षण सुविधाओं के विस्तार से संबंधित विभिन्न संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।इस अवसर पर प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक शरद चंद्रायन, मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज मंडल श्रीमती रजनीश अग्रवाल, उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर अकांशु गोविल, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. शिवम शर्मा सहित मंडल के अन्य शाखा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *