भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की चुर्क में बैठक कर पांच मुद्दों पर जल्द बड़े आंदोलन की चेतावनी
सोनभद्र। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की चुर्क ब्रांच कमेटी ने जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। रविवार को ग्राम पंचायत हरहुआ के पंचायत भवन में कामरेड सीताराम की अध्यक्षता और जिला मंत्री परिषद सदस्य एवं किसान सभा के जिला संयोजक कामरेड प्रेम नाथ के नेतृत्व में हुई बैठक में पांच प्रमुख मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। बैठक में राबर्ट्सगंज बाबा साहेब डॉ.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तथा कचहरी के पास शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग को लेकर बढ़ौली पर धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
चुर्क रेलवे स्टेशन के पास रेल लाइन क्रासिंग पर ओवरब्रिज अथवा अंडरपास बनवाने की मांग भी उठाई गई, ताकि ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं और किसानों को सुरक्षित आवागमन मिल सके। मुसही-बिजरी-हरहुआ से चुर्क स्टेशन होते हुए सीमेंट फैक्टरी तक पीडब्ल्यूडी की करीब पांच किलोमीटर सड़क की बदहाली पर भी आक्रोश जताया गया।
बैठक में चुर्क सीमेंट फैक्टरी के निजीकरण के बाद स्थानीय शिक्षित युवाओं को रोजगार नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। नेताओं ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए जल्द बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बैठक में जिला मंत्री कामरेड नंदलाल आर्य, बबुन्दर, हनुमान प्रसाद, रवीन्द्र, जयश्री प्रसाद, सीताराम, अनंत प्रसाद, रामेश्वर विश्वकर्मा, बबलू उर्फ शिवशंकर और राजबली सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
