दुद्धी,सोनभद्र। दीपोत्सव के प्रथम पर्व धनतेरस पर दुद्धी बाजार में खरीदारों का सैलाब उमड़ पड़ा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की भारी भीड़ के चलते मुख्य बाजार में दिनभर चहल-पहल बनी रही। स्थिति यह रही कि बाजार में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में धातु की वस्तुएं खरीदने की परंपरा के चलते बर्तन और झाड़ू की दुकानों पर सर्वाधिक भीड़ देखने को मिली। स्टील, पीतल और तांबे के बर्तनों की दुकानों पर महिलाओं और पुरुषों ने जमकर खरीदारी की। देर रात तक बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। वहीं, सर्राफा, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। पर्व के अवसर पर हुए कारोबार से स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए। कुल मिलाकर धनतेरस पर दुद्धी बाजार में खरीदारी का उत्साह चरम पर रहा।
धनतेरस पर दुद्धी बाजार में उमड़ा खरीदारों का हुजूम, बर्तन और झाड़ू की जमकर हुई खरीदारी
