सर्राफा कारोबारी से लूट में था वांछित, पुलिस अधीक्षक में घोषित किया था इनाम
बभनी, सोनभद्र। बिगत एक पखवारा पूर्व शीशटोला के जंगल में सर्राफा कारोबारी से लूट की घटना में शामिल पच्चीस हजार रुपये के इनामिया अपराधी को पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अरझट पुलिया के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है बदमाश के पैर में गोली लगी है और उसके निशानदेही पर जंगल में छिपाया गया आभूषण भी बरामद हुआ है ।
जानकारी के अनुसार बभनी पुलिस, एसओजी और दुद्धी पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार तड़के बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस मुठभेड़ में ₹25 हजार का इनामी बदमाश पंकज साह निवासी धूरीताल, थाना बैढ़न सिंगरौली, मध्य प्रदेश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान उसका साथी संजय साकेत अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को शीशटोला जंगल के पास सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार से चाकू की नोक पर सोने-चांदी के आभूषणों एवं नकदी से भरा बैग लूट लिया गया था। इस मामले में पहले ही दो आरोपित गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके थे, जबकि पंकज साह और उसके साथी पर ₹25-25 हजार का इनाम घोषित था।
मुखबिर की सूचना पर अरझट पुलिया के पास चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पंकज साह के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा ₹1,500 नकद बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाया गया लूट का बैग भी बरामद कर लिया गया, जिसकी पहचान पीड़ित व्यापारी ने की। पुलिस ने बरामद बैग से करीब 12.5 किलोग्राम चांदी, 225 ग्राम सोना, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, खाता-बही, बिल पर्चियां, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन तथा अन्य सामान बरामद किया है। बरामद माल की कुल अनुमानित कीमत ₹62.22 लाख बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ सोनभद्र और मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में लूट, डकैती की तैयारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में कराया जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
