सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत निपराज में 29 अगस्त, की रात भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अराजक तत्वों ने प्रतिमा का सिर गर्दन से अलग कर उसे गायब कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर सीपीआईएम जिला मंत्री का. नन्दलाल आर्य और अखिल भारतीय किसान सभा के जिला संयोजक का. प्रेमनाथ ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सीपीआईएम जिला मंत्री का. नन्दलाल आर्य ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं को निशाना बनाने की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को ही क्यों निशाना बनाया जा रहा है और ऐसी घटनाओं के पीछे कौन लोग हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से समाज में आक्रोश और तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से घटना की गंभीरता से जांच कर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। सीपीआईएम ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं के साथ इस तरह की घटना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और प्रशासन को ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे सीपीआईएम के दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में जिला मंत्री का. नन्दलाल आर्य और अखिल भारतीय किसान सभा के जिला संयोजक का. प्रेमनाथ शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने घटना की जानकारी ली और प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की सीपीआईएम ने की कड़ी निंदा
