विकसित भारत के निर्माण में शिक्षकों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण: रवीन्द्र जायसवाल

Spread the love

चन्दौली कलेक्ट्रेट में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का सजीव प्रसारण*; 15 शिक्षकों को बांटे गए प्रतीकात्मक कार्ड

डीबीटी के जरिए अभिभावकों के खाते में भेजे गए 1200 रुपये, मंत्री ने की सही इस्तेमाल की अपील

चन्दौली। राष्ट्र को विकसित करने और देश के भावी नागरिकों के निर्माण में शिक्षा व शिक्षकों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। यह बात प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।दरअसल, बुधवार को वाराणसी में माननीय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित भव्य कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव (लाइव) प्रसारण देखा और सुना गया। इस अवसर पर जनपद के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल, जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

वाराणसी से हुए इस राज्य स्तरीय शुभारंभ के तहत ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का आगाज किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि और जिलाधिकारी द्वारा जनपद के लगभग 15 शिक्षकों को योजना के प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, विशेष शिक्षकों, केजीबीवी (KGBV) के शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों तथा उनके आश्रितों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जाएगी। इस योजना से अकेले चन्दौली जनपद के लगभग 10,327 लाभार्थी सीधे लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री द्वारा आज प्रदेश के विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से प्रति छात्र ₹1,200 की धनराशि हस्तांतरित की गई। इस राशि से बच्चे यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी खरीद सकेंगे।

माननीय राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि, वे इस प्राप्त धनराशि का उपयोग केवल और केवल बच्चों की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने में ही करें। बच्चों को निर्धारित वेशभूषा (यूनिफॉर्म) में नियमित रूप से स्कूल भेजें। इसके साथ ही, शिक्षकों और संविदा कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा कवच देने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ एमओयू (MoU) निष्पादन और स्वच्छ व हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के सम्मान समारोह का भी लाइव प्रसारण देखा गया।शिक्षा विभाग के लगभग 10 लाख शिक्षक एवं संविदा कार्मिक लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम के दौरान मा मुख्यमंत्री जी ने बताया कि स्थायी शिक्षक/कार्मिकों, जिनका वेतन रू0 10 हजार से अधिक है उन्हें रू0 10 लाख का Group Term Life Insurance Cover, रू0 1 करोड़ का Personal Accident Insurance Cover, रू0 1 करोड़ का Permanent Disablility Cover, रू0 1.6 करोड़ का Air Accident Cover के साथ-साथ किसी अनहोनी की दशा में शिक्षक / कार्मिक के बच्चों की शिक्षा तथा पुत्रियों के विवाह के लिए भी Aid On Cover प्रदान किया जायेगा।संविदा कार्मिकों का मासिक वेतन रू0 10 हजार से अधिक होने की दशा में रू0 80 लाख तक का Personal Accident Insurance Cover, स्थायी / आंशिक विकलांगता की दशा में रू0 80 लाख / रू0 40 लाख का Insurance Cover, Air Accident की दशा में रू0 80 लाख तक का Insurance Cover तथा कार्मिक के साथ किसी अनहोनी की दशा में कार्मिक के बच्चों की शिक्षा तथा पुत्रियों के विवाह के लिए भी Aid On Cover प्रदान किया जायेगा। रु0 10 हजार से कम मासिक वेतन वाले कार्मिकों को जीरो बैलेन्स एकाउन्ट तथा SBI Debit Card अथवा Personal Accident Cover के आधार पर रू० 02 लाख का Insurance Cover प्रदान किया जायेगा।

जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन जनपद की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा शिक्षकों की हर समस्या के त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्री जी और जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का बारीकी से अवलोकन किया और उनके नवाचार व प्रयासों की जमकर सराहना की। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह सहित , जनप्रतिनिधि, प्रधानाध्यापक, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षा विभाग के कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *