धनबाद । सीसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत बिनोद नगर स्थित पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय नं. 1, धनबाद में आज एआई-आधारित शैक्षिक परियोजना का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाना है।
उद्घाटन समारोह में विद्यालय के प्राचार्य शैलेन्द्र शर्मा, बीसीसीएल सीएसआर विभाग तथा परियोजना से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रयोग, इसकी बारीकियों एवं व्यावहारिक उपयोगों से अवगत कराया गया। अतिथियों द्वारा छात्रों को एआई तकनीक की आवश्यकता, इसके विभिन्न लाभों तथा इससे जुड़ी आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि किस प्रकार एआई का सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग कर छात्र अपनी शैक्षणिक दक्षता को बढ़ा सकते हैं और भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को बेहतर ढंग से तैयार कर सकते हैं। परियोजना के अंतर्गत कक्षा 6 एवं उससे ऊपर के विद्यार्थियों को एआई-ड्रिवन सॉफ्टवेयर के माध्यम से नई पीढ़ी की तकनीकों एवं तकनीकी कौशलों में प्रशिक्षित किया जाएगा। उक्त एआई सॉफ्टवेयर विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को निरंतर ट्रैक करेगा, उनकी समझ का आकलन करने के लिए समय-समय पर परीक्षण आयोजित करेगा तथा उनके प्रदर्शन में सुधार हेतु उपयुक्त सुझाव, वीडियो एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराएगा। इस प्रकार, प्रत्येक छात्र के लिए व्यक्तिगत (पर्सनलाइज्ड) लर्निंग अनुभव सुनिश्चित किया जाएगा।
इस तीन वर्षीय परियोजना के तहत प्रति वर्ष 200 विद्यार्थियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस पहल के माध्यम से छात्रों में डिजिटल साक्षरता, समस्या समाधान क्षमता, तार्किक सोच एवं तकनीकी दक्षता को विकसित करने की अपेक्षा की जा रही है, जिससे वे भविष्य की प्रतिस्पर्धी दुनिया में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। बीसीसीएल की यह पहल न केवल शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय समुदाय के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक-समर्थित शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
