जामपानी में 25 नवंबर से शुरू होगा मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण

Spread the love

 ’25 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च करेगी सरकार’

सोनभद्र। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए योगी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में दुद्धी तहसील क्षेत्र के ग्राम जामपानी में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण 25 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 25 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी। विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र के बच्चों को प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जामपानी में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य 25 नवंबर से प्रारंभ कराया जाएगा। निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस को सौंपी गई है। निर्माण कार्य पर 25 करोड़ 28 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी।उन्होंने बताया कि विद्यालय को आधुनिक शैक्षिक जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ तकनीकी और व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने का भी अवसर मिल सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक व्यवस्थाएं की जाएंगी। यहां स्मार्ट क्लासरूम बनाए जाएंगे, जिनके माध्यम से विद्यार्थी डिजिटल तकनीक की मदद से पढ़ाई कर सकेंगे। पुस्तक अध्ययन की आदत विकसित करने के लिए बैठकर पढ़ने की समुचित व्यवस्था से युक्त लाइब्रेरी भी बनाई जाएगी। इसके अलावा कंप्यूटर लैब और विज्ञान एवं रोबोटिक्स की शिक्षा के लिए मॉड्यूलर कंपोजिट लैब स्थापित की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ प्रयोगात्मक और तकनीकी शिक्षा भी मिल सकेगी।
एक ही परिसर में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की शिक्षा उपलब्ध होने से बच्चों की पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी। अभिभावकों को अलग-अलग कक्षाओं के लिए दूसरे विद्यालयों की तलाश नहीं करनी पड़ेगी। खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के परिवारों के बच्चों को इसका लाभ मिलेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *