प्रयागराज । विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे/प्रयागराज मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु प्रयागराज जंक्शन स्टेशन पर विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान रेलवे कर्मचारियों एवं यात्रियों को कचरा पृथक्करण (Waste Segregation) के महत्व के संबंध में जागरूक किया गया। उन्हें जैविक एवं अजैविक कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने एवं पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यात्रियों से स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने तथा उपयोग किए गए कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालने की अपील की। साथ ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए इसके न्यूनतम उपयोग पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। यात्रियों को यह भी बताया गया कि कचरे का सही निस्तारण एवं प्लास्टिक के सीमित उपयोग जैसे छोटे-छोटे प्रयास पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।उत्तर मध्य रेलवे द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास से संबंधित विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता विकसित की जा सके। इस अवसर पर स्टेशन निदेशक श्री सुमन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
