दुद्धी,सोनभद्र। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर 20 मई 2026 को ऑनलाइन दवा बिक्री और ई-फार्मेसी के विरोध में देशव्यापी हड़ताल बुलाई गई। इसी कड़ी में सोनभद्र जनपद के दुद्धी कस्बे में दवा विक्रेताओं ने अपनी दुकानें पूरी तरह बंद रखीं और जोरदार प्रदर्शन कर अपनी मांगों को बुलंद किया।
मेडिकल एसोसिएशन दुद्धी ने निकाला विरोध माच, ‘मेडिकल एकता जिंदाबाद’ के नारों के साथ मेडिकल एसोसिएशन दुद्धी के बैनर तले स्थानीय केमिस्ट और वितरक सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां ले रखी थीं, जिन पर ‘ऑनलाइन दवा खरीद के विरोध में भारत बंद’ और ‘दवा विक्रेता समिति सोनभद्र’ अंकित था। इस दौरान दवा दुकानदारों ने नगर में शांतिपूर्ण मार्च निकालकर ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ अपना कड़ा आक्रोश व्यक्त किया।
क्यों हो रहा है ऑनलाइन दवा बिक्री का विरोध?
एसोसिएशन के पदाधिकारियों और स्थानीय दवा विक्रेताओं ने बताया कि ऑनलाइन दवा व्यापार से छोटे और खुदरा दवा व्यापारियों के अस्तित्व पर गंभीर संकट मंडरा रहा है।केमिस्टों का कहना है कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के लिए कोई स्पष्ट और ठोस कानूनी ढांचा नहीं है, फिर भी ये धड़ल्ले से संचालित हो रही हैं। दवा विक्रेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने ऑनलाइन दवा बिक्री पर तुरंत पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाया या कड़े नियम लागू नहीं किए, तो यह आंदोलन भविष्य में और उग्र रूप धारण करेगा। बुधवार को हुए इस बंद के कारण नगर और ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों को रोजमर्रा की आवश्यक दवाइयां खरीदने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, हालांकि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े काउंटरों को इससे मुक्त रखने का प्रयास किया गया।
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्टों ने ठप किया कारोबार, राष्ट्रव्यापी ‘भारत बंद’ को दिया समर्थन
