एनटीपीसी टांडा में विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन: अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प

Spread the love

अंबेडकरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एनटीपीसी टांडा में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यावरण संरक्षण शपथ ग्रहण समारोह से हुआ, जिसमें एनटीपीसी टांडा के कार्यकारी निदेशक  जयदेव परिदा ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) की बालिकाओं को पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन एवं सतत् विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के पश्चात जागरूकता प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभातफेरी में एनटीपीसी लिमिटेड के उत्तर एवं दक्षिणी क्षेत्र मुख्यालय के मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन)  सूर्य नारायण पाणिग्राही, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारीगण तथा GEM की बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

इसके उपरांत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सभी उपस्थितगणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर सभी ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल आयोजन  मयंक सक्सेना, अपर महाप्रबंधक (पी एण्ड एस एवं पर्यावरण विभाग) के नेतृत्व एवं समन्वय में किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं सतत् विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *