नौगढ़। जयमोहनी रेंज के भैसोड़ा कंपार्टमेंट संख्या-17 स्थित चमेरबांध गांव के समीप वन भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास के मामले में वन विभाग ने तीन लोगों के विरुद्ध वन अपराध का केस दर्ज किया है। वन विभाग ने मुख्य आरोपी के विरुद्ध भूमाफिया के तहत निरुद्धीकरण की कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दिया है। प्रभागीय वनाधिकारी काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर को मोबाइल संदेश के माध्यम से सूचना मिली थी कि चुप्पेपुर गांव में पंचायत भवन के समीप नाला के किनारे वन भूमि पर अवैध रूप से पौधों को काटकर अवैध रूप से मिट्टी डालकर के खेती के लिए भूमि तैयार की जा रही है।
प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देश पर वन क्षेत्राधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में वनरक्षक प्रेमनाथ सिंह और प्रमोद यादव मौके पर पहुंच गए ।वनकर्मियों को देखते ही आरोपी ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। वन विभाग ने अनिरुद्ध यादव पुत्र स्व. बाबूलाल, विमलेश पुत्र उदयभान तथा सुरेंद्र पुत्र प्रताप, निवासी चमेरबांध, के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम एवं अन्य धाराओं में प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य आरोपी अनिरुद्ध यादव के विरुद्ध पूर्व में भी वनकर्मियों से मारपीट, दुर्व्यवहार तथा राजकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज हैं। मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान अनिरुद्ध यादव के विरुद्ध अब तक वन अपराध का कुल 07 मुकदमा दर्ज हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ के माध्यम से भू माफिया में निरूद्धीकरण के लिए जिलाधिकारी चंदौली को रिपोर्ट भेजा जाएगा।
