चन्दौली। जनपद में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय), चंदौली के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में विभाग की टीम ने मुगलसराय स्थित ‘डोमिनोज पिज्जा’ के आउटलेट पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद्य व्यवसायियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने डोमिनोज पिज्जा के प्रतिष्ठान से पिज्जा के नमूने (सैंपल्स) संकलित किए। अधिकारियों के अनुसार, एकत्र किए गए नमूनों को सील कर विस्तृत जांच व विश्लेषण के लिए तत्काल राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान टीम ने प्रतिष्ठान के किचन, स्टोरेज एरिया और साफ-सफाई की व्यवस्था का गहनता से निरीक्षण किया। मौके पर पाई गईं तकनीकी व व्यावहारिक कमियों को गंभीरता से लेते हुए विभाग द्वारा प्रतिष्ठान संचालक को ‘सुधार नोटिस’ थमाया गया। टीम ने सख्त निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समयावधि के भीतर सभी कमियों को दूर कर लिया जाए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस विशेष छापेमारी अभियान में मुख्य रूप से कमल निवास त्रिपाठी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार , खाद्य सुरक्षा अधिकारी, रणधीर सिंह यादव खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे। सहायक आयुक्त खाद्य ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण और दंडात्मक कार्रवाई का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
