नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने की समीक्षा बैठक, बिजली आपूर्ति और नगर विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
वाराणसी के सौंदर्यीकरण, सफाई अभियान और बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मंत्री ए. के. शर्मा सख्त, देर रात किया शहर का निरीक्षण
अबकी बार अच्छे कार्यों के दम पर बनारस को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाने की तैयारी
वाराणसी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने वाराणसी में नगर विकास विभाग एवं ऊर्जा विभाग की अलग-अलग समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि नगर से संबंधित सभी विकास कार्यों जैसे रोड, नाली, दीवारों की पेंटिंग, पार्कों का रखरखाव, पार्कों का सौंदर्यीकरण, इंटरलॉकिंग तथा रोड के किनारे सुंदरीकरण के कार्यों को तत्काल प्रभाव से पूरा किया जाए।
15 मई की रात्रि में नगर विकास मंत्री ने नगर आयुक्त के साथ शहर का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने शहर की सड़कों, नालियों, सौंदर्यीकरण कार्यों तथा दीवारों की पेंटिंग का जायजा लिया। कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य चलते हुए पाए गए, जहां मंत्री श्री शर्मा ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की जानकारी ली। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कार्य अच्छी गुणवत्ता एवं सही तरीके से किए जा रहे हैं।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि बारिश से पहले नालों की सफाई सुनिश्चित कर ली जाए ताकि जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों। शहर में कहीं भी कूड़ा-कचरा जमा न होने पाए, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा पूरे बनारस की साफ-सफाई पूरी तत्परता के साथ कराई जाए। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि इस बार सभी बनारसवासियों को मिलकर अच्छे कार्यों के दम पर वाराणसी को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाने के लिए कार्य करना होगा।
ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक कार्य तत्काल पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में किसी प्रकार की विद्युत समस्या नहीं होनी चाहिए। ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, ट्रांसमिशन लाइन की व्यवस्था तथा विद्युत संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याएं विद्युत उपकेंद्रों पर बैठकर सुनी जाएं और उनका तत्काल निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। बैठक में राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा,नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, एम डी (पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम) शंभू कुमार सहित नगर विकास तथा ऊर्जा विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
