धनबाद।बीसीसीएल के निदेशक तकनीकी (संचालन) संजय कुमार सिंह ने आज पश्चिमी झरिया (डब्ल्यूजे) क्षेत्र अंतर्गत भुरुंगिया कोलियरी का दौरा कर टेम्परेरी माइन क्लोजर प्लान (टीएमसीपी) के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने उन स्थलों का जायजा लिया, जहां सीलिंग एवं डिस्मेंटलिंग कार्य प्रगति पर हैं। इसके साथ ही उन्होंने टीएमसीपी के अंतर्गत आयोजित चिकित्सा शिविरों तथा वायु एवं जल गुणवत्ता निगरानी गतिविधियों की स्थिति की भी समीक्षा की।
श्री सिंह ने परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा मानकों, पर्यावरणीय संरक्षण तथा सामुदायिक कल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि टीएमसीपी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुरक्षित एवं व्यवस्थित खदान बंदी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने क्षेत्रीय महाप्रबंधक (डब्ल्यूजे एरिया) महुदा ग्रुप ऑफ माइंस के परियोजना पदाधिकारी एवं प्रबंधक तथा क्षेत्रीय प्रबंधक (सिविल), डब्ल्यूजे के साथ विस्तृत चर्चा की और सभी टीएमसीपी गतिविधियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर बीसीसीएल मुख्यालय एवं डब्ल्यूजे क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा टीएमसीपी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है।
