बैंकिंग अवेयरनेस एवं कैरियर काउंसलिंग प्रोग्राम का हुआ आयोजन

Spread the love

बीजपुर। डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी, रिहंदनगर में महर्षि दयानंद सरस्वती जी की जयंती के शुभ अवसर पर हवन के साथ-साथ वाणिज्य शास्त्र के विद्यार्थियों के लिए बैंकिंग अवेयरनेस एवं कैरियर काउंसलिंग प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के *शाखा प्रबंधक मयंक राज, सहायक प्रबंधक दीपक उपाध्याय एवं सहायक प्रियांशु बेरियाह* का विद्यालय के प्राचार्य श्री राजकुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्राचार्य ने अपने स्वागत संबोधन में बताया कि शिक्षा सतत विकास की प्रक्रिया है। प्राचार्य ने कहा कि डीएवी संस्कार युक्त आधुनिक शिक्षा देने के प्रति कटिबद्ध है और इसी क्रम में आज का यह प्रोग्राम आयोजित किया गया है।

शाखा प्रबंधक मयंक राज ने वाणिज्य वर्ग के ग्यारहवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वाणिज्य शास्त्र अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यह राष्ट्र के आर्थिक विकास का आधार है। यह बैंकिंग, बीमा, एकाउंटिंग, टैक्सेशन जैसे क्षेत्रों में अनेक प्रकार का रोजगार उपलब्ध कराता है। उन्होंने बताया कि वाणिज्य के विद्यार्थियों के लिए काॅर्पोरेट क्षेत्र के साथ-साथ सरकारी क्षेत्र में भी अनेक नौकरियां उपलब्ध हैं। शाखा प्रबंधक ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक ग्रेड बी अधिकारी, भारतीय आर्थिक सेवा, लेखा परीक्षक, अंकेक्षक, बैंक में प्रोबेशनरी ऑफिसर, भारतीय जीवन बीमा में एएओ का पद उच्च वेतन के साथ प्रतिष्ठा एवं शानदार कैरियर ग्रोथ प्रदान करता है। सहायक प्रबंधक दीपक उपाध्याय ने अपने उद्बोधन में बताया कि आप बारहवीं पास करने के बाद वाणिज्य शास्त्र में स्नातक की डिग्री हासिल कर आईआईएम जैसी संस्थाओं से एमबीए कर सकते हैं। आप चार्टर्ड एकाउंटेंट, कंपनी सचिव, बैंकिंग, बीमा प्रबंधक, वित्तीय विश्लेषक, कर सलाहकार, स्टाॅक ब्राॅकर, काॅस्ट एंड मैनेजमेंट एकाउंट आदि में अपना कैरियर बना सकते हैं। सहायक प्रियांशु बेरियाह ने बताया कि वाणिज्य शास्त्र स्वयं का स्टार्ट अप शुरू करने और उसे कुशलता से प्रबंधित करने की क्षमता देता है। उन्होंने बताया कि आधुनिक व्यापार में मार्केटिंग और डेटा एनालिस्ट के ज्ञान के साथ यह डिजिटल मार्केटिंग और मैनेजमेंट की भूमिकाओं में बेहद महत्वपूर्ण है।

अंत में प्राचार्य राजकुमार ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। प्राचार्य ने बताया कि डीएवी रिहंदनगर के अनेक छात्र वाणिज्य की पढ़ाई कर देश विदेश में सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। हम सभी का प्रयास है कि आगे और भी बेहतरीन पदों को हासिल करने में हमारे विद्यार्थी सफल हों। इस कार्यक्रम में डॉ आर के झा, वाणिज्य शिक्षक हर्ष दुबे, अर्थशास्त्र के शिक्षक नीरज गुप्ता, अरूण कुमार सिंह, डी सी शुक्ला, शगुफ्ता शबनम ने महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *