राखड़ लदी हाईवा का टायर फटने से उड़ीं गिट्टियां, कई लोग घायल

Spread the love

राखड़ परिवहन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, वाहनों की फिटनेस जांच की मांग

बीजपुर/सोनभद्र। रेनुकूट बीजपुर मुख्य मार्ग पर जरहां ग्राम पंचायत के पोतीपाथर टोले में गुरुवार की सुबह राखड़ लदे हाईवा का पिछला टायर तेज धमाके के साथ फट गया। टायर फटने के दौरान सड़क पर पड़ी गिट्टियां उछलकर आसपास बैठे ग्रामीणों को जा लगीं। हादसे में कई ग्रामीण घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति को अधिक चोट लगने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह एनटीपीसी के राख बंधे से राखड़ लादकर हाईवा रेणुकूट की ओर जा रहा था। पोतीपाथर टोले में पेट्रोल पंप के समीप पहुंचते ही वाहन का पिछला टायर अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। टायर फटने से सड़क पर पड़ी गिट्टियां दूर तक उछल गईं और सड़क किनारे मौजूद ग्रामीण, इसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए भेजा।

घटना के बाद ग्रामीणों में राखड़ परिवहन को लेकर नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में राखड़ ढोने वाले वाहनों की संख्या अधिक है, लेकिन वाहनों की फिटनेस और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी नहीं हो रही है। उनका कहना है कि कई बार पुराने एवं जर्जर वाहनों के संचालन से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने कहा कि राखड़ परिवहन में लगे वाहनों की नियमित फिटनेस जांच के साथ उनकी तकनीकी स्थिति की भी निगरानी की जानी चाहिए। सड़क पर गिट्टियां अथवा अन्य सामग्री बिखरी रहने से भी राहगीरों के लिए खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित प्रबंधन से राखड़ परिवहन व्यवस्था की जांच कराने, वाहनों की नियमित फिटनेस जांच सुनिश्चित करने तथा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *