बीएसएल में “सुरक्षा हमारी साझा यात्रा” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

बोकारो । इस्पात संयंत्र के एचआरडी विभाग स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल-1 में “सुरक्षा हमारी साझा यात्रा” विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परियोजना विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ परियोजना विभाग से जुड़े विभिन्न वेंडर्स एवं सब-वेंडर्स के प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में बोकारो इस्पात संयंत्र की प्रस्तावित ब्राउनफील्ड विस्तार परियोजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई। साथ ही, इन परियोजनाओं के सफल, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित क्रियान्वयन में सुरक्षा मानकों की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर विशेष प्रकाश डाला गया।

अपने संबोधन में वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा को प्रत्येक कार्य की आधारशिला बताते हुए सभी प्रतिभागियों से सुरक्षा के प्रति सजग, संवेदनशील एवं उत्तरदायी दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करना प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों ने परियोजना प्रमुखों एवं संबंधित एजेंसियों को स्थापित सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य निष्पादन करने तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षित एवं सकारात्मक कार्य वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कर्मियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक गतिविधि को समुचित सुरक्षा उपायों के साथ संपन्न करने पर बल दिया।

वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विभिन्न एजेंसियों के मध्य प्रभावी समन्वय, संवाद एवं बेहतर तालमेल किसी भी परियोजना के सुरक्षित और निर्बाध संचालन की कुंजी है। संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान कर उनके निवारण हेतु प्रभावी एवं व्यावहारिक उपाय अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही, सभी एजेंसियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी प्रावधानों को गंभीरता से लागू करने तथा सुरक्षा-केंद्रित कार्य संस्कृति को सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से ऊँचाई पर किए जाने वाले कार्यों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर बल दिया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि ऐसे कार्यों के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए। आवश्यकता के अनुरूप सेफ्टी हार्नेस, गार्ड रेल एवं अन्य फॉल-प्रोटेक्शन व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनके प्रभावी उपयोग से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *