‘एसईसीएल नारी राग-रंग महोत्सव 2026’ का उत्साहपूर्ण समापन

Spread the love

नारी राग-रंग महोत्सव ने महिलाओं की छिपी प्रतिभाओं को नई पहचान दी” — हरीश दुहन

विलासपुर।श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘एसईसीएल नारी राग-रंग महोत्सव 2026’ का आज एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन रहे। इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन)  बिरंची दास एवं श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्षागण अनीता फ्रैंकलिन, इप्सिता दास एवं शुभश्री महापात्र विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। 

कार्यक्रम में श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्षगण, कार्यकारिणी सदस्याएँ, कर्मचारीगण एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

महोत्सव के द्वितीय दिवस पर समूह गायन, समूह नृत्य, स्टैंड-अप कॉमेडी/मिमिक्री तथा नाटक/स्किट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को विशेष गरिमा एवं उत्साह प्रदान किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में  हरीश दुहन ने कहा, “नारी राग-रंग महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं के भीतर छिपी प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। प्रतिभागियों के उत्साह और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने सिद्ध किया है कि यह पहल अपने उद्देश्य में सफल रही है। भविष्य में भी महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सृजनात्मकता को प्रोत्साहित करने हेतु ऐसे आयोजन निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।”

समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में योगदान देने वाले निर्णायकों का भी सम्मान किया गया।

दो दिवसीय इस महोत्सव ने महिलाओं को अपनी प्रतिभा एवं सृजनात्मकता प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच प्रदान करते हुए उनके आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति को नई ऊर्जा प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *