रांची । तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा की गुणवत्ता में बढ़ोत्तरी और युवाओं, विशेषकर आदिवासी समुदायों के युवाओं के लिए कौशल विकास के बेहतर अवसर सृजन करने के उद्देश्य से सीएमपीडीआई ने 11 नवम्बर, 2026 को संस्थान के मुख्यालय-रांची में टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किया। इस समझौते के अंतर्गत ‘‘आईटीआई, तमाड़, रांची में बुनियादी ढांचे में सुधार के माध्यम से तकनीकी शिक्षा की मजबूतीकरण’’ नामक परियोजना को लागू करने के लिए किया गया है। इस परियोजना को टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) द्वारा क्रियान्वित किया जाएगा और इसे 31 मार्च, 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सीएमपीडीआई की ओर से महाप्रबंधक (मानव संसाधन/सीएसआर) संजय कडम्बार तथा टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) के ओर से सौरव रॉय ने इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
इस सीएसआर पहल के तहत एक रोबोटिक वेल्डिंग मशीन संस्थापना, कक्षाओं में बेहतर फर्नीचर और डिजिटल लर्निंग पैनल लगाकर उन्हें उत्क्रमित (अपग्रेड) किया जाएगा। कम्प्यूटर लैब को अतिरिक्त कम्प्यूटर सिस्टम तथा अन्य संबंधित सुविधाओं के साथ सुसज्जित किया जाएगा। इस पहल से 235 छात्रों को लाभ मिलेगा, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत छात्र आदिवासी समुदायों से आते हैं। यह निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल समावेशी विकास, कौशल संवर्धन और युवाओं के सशक्तिकरण के प्रति सीएमपीडीआई की प्रतिबद्धता को दोहराती है, जिससे गुणवत्तापूर्ण तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा सुलभतापूर्वक हासिल होगी।
