कोलडैम में प्रेस संवाद कार्यक्रम आयोजित, मीडिया के समक्ष रखीं उपलब्धियां और सीएसआर कार्य

Spread the love

बिलासपुर हि प्र । एनटीपीसी कोलडैम जलविद्युत परियोजना में मंगलवार को मीडिया प्रतिनिधियों के लिए एक प्रेस संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मीडिया को एनटीपीसी कोलडैम द्वारा गत वर्ष के दौरान ऊर्जा उत्पादन, परिचालन उपलब्धियों, पर्यावरण संरक्षण तथा नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत किए गए कार्यों से अवगत कराना था। कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख एस. एस. राव, मानव संसाधन प्रमुख श्रीमती मंगला हरीन्द्रन, अपर महाप्रबंधक (टेक्निकल सर्विसेज) कुमार स्वाधीन, अपर महाप्रबंधक योगेश शर्मा सहित एनटीपीसी के सीएसआर, मानव संसाधन अथवा पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को हाल ही में नेशनल ज्योग्राफिक द्वारा निर्मित एनटीपीसी कोलडैम की डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई, जिसमें परियोजना की विभिन्न सीएसआर गतिविधियों और सामाजिक विकास कार्यों को प्रमुखता से दर्शाया गया है। प्रेस वार्ता के दौरान अधिकारियों ने पीपीटी के माध्यम से एनटीपीसी कोलडैम की उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि परियोजना लगातार अपनी डिज़ाइन क्षमता से अधिक विद्युत उत्पादन कर रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 3612.82 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन के साथ एनटीपीसी कोलडैम ने कमीशनिंग के बाद का अब तक का सर्वोच्च उत्पादन दर्ज करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।

पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया गया कि एनटीपीसी कोलडैम द्वारा प्रतिवर्ष 2,500 से अधिक पौधों का रोपण किया जा रहा है। इसके साथ ही वर्षा जल संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण के उद्देश्य से पहाड़ी ढलानों पर लगभग 5,000 ट्रेंच विकसित किए गए हैं, जो वन्यजीवों के लिए भी जल स्रोत का कार्य कर रहे हैं।

सीएसआर गतिविधियों के अंतर्गत इस वर्ष आठ स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थापना, मोबाइल मेडिकल यूनिट का संचालन, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम, स्वयं सहायता समूहों को नलवाड़ी मेले एवं अन्य बाजारों में अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर, खेलों के प्रोत्साहन, कला एवं संस्कृति के संरक्षण तथा ग्रामीण आधारभूत संरचना के विकास जैसे अनेक कार्यों की जानकारी भी साझा की गई। इस अवसर पर एनटीपीसी कोलडैम की वार्षिक सीएसआर गतिविधियों पर आधारित पत्रिका का भी सभी गणमान्य अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया।

अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख एस. एस. राव ने बिलासपुर, मंडी, शिमला एवं सोलन जिलों में एनटीपीसी द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं को उच्च तकनीकी शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। बालिका सशक्तिकरण अभियान ग्रामीण बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं जीवन कौशल का विकास कर उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार कर रहा है। एनटीपीसी-साई वाटर स्पोर्ट्स सेंटर स्थानीय युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं एवं प्रशिक्षण प्रदान कर खेलों में करियर बनाने का अवसर दे रहा है, जबकि मोबाइल मेडिकल यूनिट दूरदराज के गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एनटीपीसी के ये प्रयास स्थानीय समुदाय के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं तथा कंपनी भविष्य में भी क्षेत्र के समग्र और सतत विकास के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम के अंत में मानव संसाधन प्रमुख श्रीमती मंगला हरेंद्रन ने सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया समाज और विकास के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी कोलडैम मीडिया के सहयोग को सदैव महत्व देता है तथा क्षेत्र के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत सराहनीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *