प्रधानमंत्री की दूरदर्शी पहल विकसित भारत @2047 की अवधारणा को साकार करने हेतु मुख्यमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश को वर्ष @2047 तक एक विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है – डीएम

डीएम ने ‘समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ अभियान के सफल आयोजन हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश के विकास हेतु रोड-मैप पर विभिन्न समूहों से चर्चा कर लिया जाएगा फीडबैक
भदोही ।‘समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ दो दिवसीय अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु विधायक औराई दीनानाथ भाष्कर व मुख्य विकास अधिकारी बाल गोबिन्द शुक्ल ने विकास भवन सभागार में बैठक कर उपस्थित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि शासन के मंशानुसार प्रधानमंत्री की एक दूरदर्शी पहल विकसित भारत @2047 के द्वारा भारत को@2047 तक विकसित राष्ट्र के रूप मे स्थापित करने के उद्देश्य से समावेशी विकास, तकनीकी नवाचार और सतत प्रगति के मिशन को आधारित किया गया है। उन्होंने बताया की उपरोक्त के क्रम में विकसित भारत @2047 की अवधारणा को साकार करने हेतु उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश को वर्ष @2047 तक एक विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है। इस मिशन में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए एक समृद्ध, समान और वैश्विक स्तर पर सम्मानित राज्य का निर्माण किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस मिशन को दिशा प्रदान करने एवं पथ प्रदर्शन हेतु एक विजन डॉक्यूमेंट बनाया जाना प्रस्तावित है। यह विजन डॉक्यूमेट 03 थीम-अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति, जीवन शक्ति एवं 12 सेक्टर-कृषि एवं सम्बद्ध, पशुधन सरक्षण, औद्योगिक विकास आई0टी0 एवं इमर्जिंग प्रौद्योगिक, पर्यटन, नगर एवं ग्राम्य विकास, अवस्थापना, संतुलित विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा सुरक्षा एवं सुशासन पर ध्यान केन्द्रित करते हुए तैयार किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि विजन डॉक्यूमेंट के निर्माण की दिशा में समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047 प्रारभ किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनमानस में जागरूकता उत्पन्न करना तथा नागरिकों की आकांक्षाओं को संज्ञान में लेते हुये प्रदेश के नागरिकों को राज्य के विकास में सहयोगी व सहभागी बनाते हुये गर्व की भावना को विकसित करना है।
इस संकल्प की प्राप्ति में प्रदेश के प्रबुद्धजनों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। उनके द्वारा अर्जित विभिन्न क्षेत्रों में नीतियों की व्यवहारिक समझ एवं अनुभव तथा प्रशासनिक दक्षता प्रदेश की विकास की रणनीति के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे। इसके दृष्टिगत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों यथा प्रशासनिक (सेवानिवृत्त, आई0ए0एस0)/पुलिस (सेवानिवृत्त आई0पी0एस0)/वन सेवा/कृषि/सिंचाई/शिक्षा/स्वास्थ्य/वैज्ञानिक/अभियन्त्रण आदि शासकीय सेवाओं से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों/प्रबुद्धजनों की उनकी सहमति के आधार पर चयन करते हुये जनपद आवंटित किया गया है। शासन द्वारा जनपद भदोही हेतु नामित प्रबुद्धजन-सर्वज्ञराम मिश्र, सेवानिवृत्त आईएएस, चतुर्भुजीनाथ, सेवानिवृत्त आईएफएस, डॉ0बी पाण्डेय, सेवानिवृत्त कुलपति एवं डॉ0 उमेश चन्द्रा प्राध्यापक है।
जिलाधिकारी ने उक्त के दृष्टिगत जनपद एवं विकास खण्ड स्तर के समस्त सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद एवं विकास खण्ड स्तर पर आयोजित होने वाले समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047 अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन करना सुनिश्चित करें। जनपद में आयोजित होने वाले समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047 अभियान के लिए 10 सितंबर को प्रथम सत्र में विकासखंड ज्ञानपुर के अंतर्गत केएनपीजी कॉलेज सभागार के लिए नामित नोडल अधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ,द्वितीय सत्र कलेक्ट्रेट सभागार में नोडल उपायुक्त उद्योग व उपायुक्त स्वतरू रोजगार, और 11 सितंबर को विकासखंड औराई के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र बेजवा में नामित नोडल अधिकारी उपनिदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी की देखरेख में कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जाएगा।
छात्र, शिक्षक,व्यवसायी, उद्यमी, कृषक, स्वयं सेवी संगठन, श्रमिक संगठन, मीडिया, आम जनमानस इत्यादि के साथ विगत 8 वर्षों में प्रदेश की विकास यात्रा के सम्बन्ध में अवगत कराते हुए राज्य के विकास हेतु रोड-मैप पर चर्चा की जाएगी तथा उनसे फीडबैक प्राप्त किया जाएगा।इस अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार सूचना विभाग के माध्यम से किया जा रहा है। जनपद / तहसील /विकास खंड पर होर्डिंग लगायी गई है जिनमें फीडबैक हेतु क्यूआर कोड अंकित है।जनपद के प्रमुख संगठनो यथा उद्योग/व्यापारी/अन्य प्रोफेशनल संगठनो के साथ चर्चा किया जाएगा । जनमानस से अधिक से अधिक फीडबैक प्राप्त किये जाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन कार्यशाला में समस्त जनपदवासी सादर आमंत्रित हैं।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
