राजभाषा विभाग, एनटीपीसी टांडा द्वारा हिंदी पुस्तकों का वितरण

Spread the love

अंबेडकर नगर। एनटीपीसी टांडा के मानव संसाधन-राजभाषा विभाग द्वारा आज दिनांक 26 जून 2025 को हिंदी भाषा एवं साहित्य को बढ़ावा देने हेतु एक प्रेरणादायक पहल के अंतर्गत स्थानीय विद्यालयों में हिंदी पुस्तकों का वितरण किया गया। यह पुस्तकें कॉलोनी स्थित डालीम्स विद्यालय, विवेकानंद इंटर कॉलेज तथा विवेकानंद शिशु कुंज विद्यालय को छात्रों के अध्ययन एवं पुस्तकालय की समृद्धि हेतु प्रदान की गईं। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन)  अनुराग सिन्हा तथा राजभाषा अधिकारी  वरुण सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।  अनुराग सिन्हा ने हिंदी साहित्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित पठन को जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया और लगभग 130 पुस्तकों का अनुदान किया।

उन्होंने कहा राजभाषा विभाग की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि जागृत करना, पठन संस्कृति को प्रोत्साहित करना एवं राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार को सशक्त बनाना है। विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने इस योगदान के लिए एनटीपीसी टांडा का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों ने भी पुस्तकों को प्राप्त कर प्रसन्नता एवं उत्साह व्यक्त किया| यह प्रयास न केवल शिक्षा के क्षेत्र में योगदान है, बल्कि राष्ट्रीय भाषा हिंदी के संवर्धन की दिशा में एनटीपीसी टांडा की प्रतिबद्धता का परिचायक भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *