इलाहाबाद इंटर कॉलेज में नामांकन अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन

Spread the love

प्रयागराज। इलाहाबाद इंटर कॉलेज में छात्र नामांकन को प्रोत्साहित करने हेतु एक विशेष नामांकन अभियान के अंतर्गत आज एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनंत कुमार गुप्त ने किया, जिसमें उप प्रधानाचार्य बलराम, विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए। रैली का प्रारंभ विद्यालय परिसर से हुआ और यह चक जीरो रोड, बादशाही मंडी, जैन विद्यालय तथा त्रिपोलिया से होते हुए विद्यालय प्रांगण में पूर्ण हुई। इस रैली में छात्र-छात्राओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में शिक्षक भी उपस्थित थे, जिन्होंने विद्यार्थियों के साथ कदम से कदम मिलाकर भाग लिया।

छात्र-छात्राएं हाथों में रंग-बिरंगी पटि्टयां लिए हुए थे, जिन पर “शिक्षा सबका अधिकार है”, “आइए पढ़ें और पढ़ाएं”, “इलाहाबाद इंटर कॉलेज में करें नामांकन” जैसे प्रेरक नारे लिखे थे। पूरे मार्ग में उत्साह और अनुशासन का वातावरण बना रहा। प्रधानाचार्य डॉ. अनंत कुमार गुप्त ने बताया कि यह रैली केवल एक प्रचार अभियान नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास है। सभी शिक्षक शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों ने रैली की सफलता में अहम भूमिका निभाई और बताया कि विद्यालय हर छात्र को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

स्थानीय नागरिकों ने रैली का स्वागत किया और इस पहल की सराहना की। कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को विद्यालय में नामांकन कराने की रुचि भी दिखाई। इस रैली ने न केवल प्रचार-प्रसार किया, बल्कि छात्रों में नेतृत्व और सामाजिक जागरूकता की भावना को भी सशक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *