आलापुर, अम्बेडकर नगर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर सरयू नदी में स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच मंगलवार सुबह हुई दर्दनाक घटना का बुधवार को दुखद अंत हो गया। बिडहर घाट सेतु से सरयू नदी में छलांग लगाने वाले 17 वर्षीय युवक प्रभात गिरी का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभात गिरी पुत्र प्रदीप कुमार गिरी निवासी ग्राम पिंडोरिया, थाना कटका, तहसील जलालपुर मंगलवार सुबह करीब सात बजे बिडहर घाट सेतु से सरयू नदी में कूद गया था। घटना की सूचना मिलते ही जहांगीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई। पुलिस तथा एनडीआरएफ की टीम ने पूरी रात नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। घंटों की मशक्कत के बाद बुधवार सुबह उसका शव नदी से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिडहर घाट सेतु पर इस तरह की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं। स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर कब तक यह पुल हादसों का केंद्र बना रहेगा यहां अतिरिक्त सतर्कता और सुरक्षा का इंतजाम बेहद जरूरी हैं।घटनास्थल पर थानाध्यक्ष जहांगीरगंज रितेश पांडेय, बिडहर चौकी प्रभारी और पुलिस बल राहत बचाव कार्य में लगे रहे नायब तहसीलदार आलापुर कौशल किशोर ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल युवक के नदी में कूदने के कारणों का पता नहीं चल सका है। एक बार फिर सरयू की लहरों ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
मोक्षदायिनी सरयू ने फिर ली एक जिंदगी! बिडहर घाट सेतु से नदी में कूदे 17 वर्षीय युवक का मिला शव
