भव्य नगर कीर्तन में गतका के हैरतअंगेज करतबों ने मोहा मन, सात दिनों तक निकाली गईं प्रभात फेरियां
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी का 557 वां प्रकाश पर्व श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सात दिनों तक प्रभात फेरियां निकाली गईं। वहीं, भव्य नगर कीर्तन में गतका पार्टी के हैरतअंगेज करतब आकर्षण का केंद्र रहे। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित प्रभात फेरियों में प्रतिदिन सुबह संगत ने गुरुवाणी एवं कीर्तन करते हुए नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। प्रकाश पर्व पर निकाले गए नगर कीर्तन की अगुवाई पंच प्यारों ने की। गुरु ग्रंथ साहिब जी की आकर्षक फूलों एवं विद्युत झालरों से सुसज्जित पालकी साहिब श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
