वाराणसी। बनारस क्वीयर प्राइड 2026 की तैयारियों और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को बेनियाबाग पार्क, वाराणसी में सामुदायिक पॉटलक (Potluck) का आयोजन किया गया। इसमें 30 से अधिक लोगों ने भाग लिया। क्वीयर एवं ट्रांस समुदाय के सदस्यों के साथ विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि से आए सहयोगियों ने अपने घरों से भोजन लाकर एक साथ साझा किया।कार्यक्रम का संदेश था— “थाली अलग हो सकती है, स्वाद अलग हो सकते हैं, पहचान अलग हो सकती है, लेकिन साथ बैठने का अधिकार और सम्मान सबका बराबर है।”
कार्यक्रम की शुरुआत अनामिका ने परिचय से किया। इसके बाद जाति, धर्म, जेंडर, लैंगिक पहचान, यौनिकता और सामाजिक स्वीकार्यता जैसे विषयों पर खुलकर बातचीत हुई। चर्चा में यह बात सामने आई कि बनारस जैसे शहरों में सामाजिक रूढ़िवादिता, जागरूकता की कमी और संस्थागत चुनौतियों के कारण कई लोगों के लिए अपनी पहचान को स्वीकार करना और व्यक्त करना आसान नहीं है। प्रतिभागियों ने माना कि पहचान और सम्मान की लड़ाई अक्सर परिवार से शुरू होकर समाज और विभिन्न संस्थाओं तक पहुंचती है।
इस अवसर पर नीति ने कहा कि पितृसत्तात्मक व्यवस्था केवल महिलाओं ही नहीं, बल्कि पुरुषों और क्वीयर समुदाय सहित समाज के विभिन्न वर्गों को प्रभावित करती है। एक समानतापूर्ण और समावेशी समाज बनाने के लिए जरूरी है कि हम एक-दूसरे की पहचान, विचारों और अधिकारों का सम्मान करें। उन्होंने यह भी कहा कि बनारस क्वीयर प्राइड केवल क्वीयर और ट्रांस समुदाय का मंच नहीं है, बल्कि समानता और सम्मान में विश्वास रखने वाला कोई भी व्यक्ति इसका हिस्सा बन सकता है।
कार्यक्रम में शिवांगी ने बनारस क्वीयर प्राइड की पृष्ठभूमि और अब तक की यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में इस पहल की शुरुआत हुई और 2023 में प्रशासनिक अनुमति के साथ पहली प्राइड मार्च आयोजित की गई। इसके बाद 2024 और 2025 में भी प्राइड का आयोजन किया गया। अब 2026 की प्राइड को अधिक व्यापक, सहभागी और यादगार बनाने के लिए विभिन्न संस्थाओं, संगठनों और सहयोगियों के साथ मिलकर प्रयास किए जा रहे हैं। चर्चा के दौरान प्रतिभागियों ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, युवाओं की भागीदारी और सामूहिक एकजुटता के महत्व पर भी अपने विचार रखे। इंडियन स्कूल ऑफ डेमोक्रेसी से आए प्रतिभागियों ने इस आयोजन को सामाजिक समावेशन और सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।
कार्यक्रम में सामूहिक खेल गतिविधियों, आपसी संवाद और भोजन साझा करने के माध्यम से लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर मिला। अंत में नैन्सी ने सभी प्रतिभागियों, सहयोगियों और आयोजन टीम का धन्यवाद ज्ञापन किया तथा आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।कार्यक्रम में मुख्य रूप से अनामिका, नीति, बनी वर्मा, सैम, रूमान, अखिलेश, कृष्णा, शिवांगी, अबीर, रेनू, नितेश, तानिया, उदय, बनी और अनम समेत 50 लोगों की उपस्थिति रही।
