टांडा । उत्तर प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में 22 नवंबर 2026 को सायं 6 बजे एनटीपीसी टांडा परिसर में नागरिक सुरक्षा के अंतर्गत हवाई हमले की चेतावनी पर आधारित ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करना, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का आकलन करना तथा जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) एवं एनटीपीसी के विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करना था।
मॉक ड्रिल के दौरान निर्धारित समय पर ब्लैकआउट की प्रक्रिया अपनाई गई तथा हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन के माध्यम से आपातकालीन स्थिति का संकेत दिया गया। इसके पश्चात सुरक्षित निकासी, आग बुझाने, फंसे हुए व्यक्तियों के बचाव एवं घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने जैसी आपातकालीन प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया। पूरे अभ्यास के दौरान संबंधित एजेंसियों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार समन्वित कार्रवाई की।
अभ्यास के अंतर्गत प्रशासनिक भवन एवं प्लांट क्षेत्र में हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति दर्शाते हुए दो स्थानों पर आग लगने की घटना का सजीव प्रदर्शन किया गया। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों स्थानों पर आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण स्थापित किया। इस दौरान एक व्यक्ति के हताहत होने की स्थिति भी प्रदर्शित की गई, जिसे तत्काल आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। स्वास्थ्य विभाग एवं अस्पताल की टीम ने आपातकालीन प्रतिक्रिया के तहत आवश्यक उपचार एवं चिकित्सा प्रबंधन की प्रक्रिया का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल में सुरक्षित निकासी, बचाव कार्य, अग्निशमन तथा चिकित्सा सहायता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की तत्परता का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सीआईएसएफ, स्वास्थ्य विभाग एवं एनटीपीसी के संबंधित विभागों ने आपसी समन्वय के साथ निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। अभ्यास ने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने, संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल के महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर राजीव कुमार सिन्हा, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी टांडा ने मॉक ड्रिल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित ऐसे अभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभ्यास में शामिल जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, सीआईएसएफ तथा एनटीपीसी के कर्मचारियों के प्रयासों और आपसी समन्वय की सराहना की।
परियोजना प्रमुख ने आगे कहा कि आपदा प्रबंधन केवल संस्थागत दायित्व नहीं, बल्कि एक सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी भी है। ऐसे अभ्यास कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के जनसामान्य में भी नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन तैयारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के अभ्यास नियमित रूप से आयोजित करने तथा सुरक्षा प्रक्रियाओं को निरंतर सुदृढ़ बनाए रखने पर बल दिया। इस मॉक ड्रिल के सफल आयोजन से एनटीपीसी टांडा परिसर में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों, त्वरित बचाव एवं राहत कार्यों तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को परखने का अवसर मिला। इस प्रकार के अभ्यास सुरक्षित कार्यस्थल एवं सुदृढ़ आपदा प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
